महराजगंज में गैस सिलेंडर को लेकर गोदाम पर मारपीट-हंगामा, वीडियो वायरल
Maharajganj News - महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान उपभोक्ताओं के बीच विवाद हुआ, जिससे मारपीट शुरू हो गई। एक पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव किया, लेकिन बवाल बढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने कहा कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सदर कोतवाली क्षेत्र के बागापार पुलिस चौकी इलाके में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता एक गैस गोदाम पर पहुंच गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित आपस में हाथापाई करते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ के बीच हो रही धक्का-मुक्की और मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
हालांकि, वीडियो की सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान नहीं करता है। तीन मिनट एक सेकंड के वायरल वीडियो में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ नजर आ रही है। पीड़ित युवक गैस लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दूसरा युवक कहासुनी के बाद उलझ गया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट देख एक पुलिस कर्मी बीच-बचाव करता नजर आ रहा है, लेकिन आरोपित पुलिस से बेपरवाह होकर ताबड़तोड़ हमला करता रहा। पीड़ित युवक के कपड़े तक फाड़ दिया। मौके पर देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई। किसी तरह लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इस मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह का कहना है कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। अराजकता फैलाने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


