ठूठीबारी क्रय केंद्र न होने से किसान चिंतित
ठूठीबारी, हिन्दुस्तान संवाद। ठूठीबारी कस्बे में स्थित साधन सहकारी समिति पर इस सीजन में...

ठूठीबारी, हिन्दुस्तान संवाद।
ठूठीबारी कस्बे में स्थित साधन सहकारी समिति पर इस सीजन में धान की खरीद नहीं होगी। इससे समिति से जुड़े लगभग दो दर्जन गांव के किसानों को धान बेंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। किसानो को अपनी उपज बेचने के लिए सात से दस किमी का सफर तय कर गड़ौरा पहुंचना पड़ेगा। ठूठीबारी में क्रय केंद्र बंद होने से किसान चिंतित और मायूस हो गए हैं।
ठूठीबारी साधन सहकारी समिति सीमा क्षेत्र में खरीदारी का इकलौता क्रय केंद्र है, जो विगत 15 वर्षों से लगातार किसानो की उपज का धान और गेहूं की खरीद करता रहा है। इस सीजन में ठूठीबारी क्रय केंद्र बंद कर देने से क्षेत्र के किसान परेशान दिखाई दे रहे हैं। किसान इंदर प्रसाद यादव, नंद प्रसाद यादव, दीनानाथ गुप्त, राम टहल खरवार, राम लखन यादव, रामानंद यादव, नंदू प्रसाद, योगेंद्र तिवारी, रामराज यादव, बिहारी जायसवाल, मिसरी प्रजापति आदि ने बताया कि नजदीक केंद्र होने से किसानों को बेहद सुलभ तरीके, कम खर्च में केंद्र तक पहुंच अपना अनाज तौल कर लेते रहे। गड़ौरा पहुंचने में सात से दस किमी की दूरी तय करने से खर्चा बढ़ेगा और समय की बरबादी होगी।
