नो-मैपिंग मतदाताओं के घर पहुंच रहे बीएलओ, थमाई जा रही नोटिस
Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नो मैपिंग वाले मतदाताओं को अपने पहचान व पते का प्रमाण

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नो मैपिंग वाले मतदाताओं को अपने पहचान व पते का प्रमाण देने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। एईआरओ व सहायक एईआरओ के निर्देश पर बीएलओ नो मैपिंग वाले मतदाताओं के घर-घर पहुंच रहे हैं। उनको नोटिस दे रहे हैं। नोटिस में यह जानकारी दी जा रही है कि किस तिथि को उनको एईआरओ के सामने साक्ष्य प्रस्तुत करना है। नोटिस का जवाब देने के बाद एईआरओ दस्तावेजों का सत्यापन कराएंगे। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि नो मैपिंग वाले मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया जाएगा या फिर उनका नाम सूची से कटेगा।
जिले में 2.03 लाख मतदाता ऐसे हैं जिनका नाम नो मैपिंग सूची में है। गणना प्रपत्र की तरह नोटिस भी प्रिंट कर मतदाताओं को एईआरओ, सहायक ईआरओ के निर्देश पर बीएलओ के माध्यम से मुहैया कराया जा रहा है। सहायक निर्वाचन अधिकारी नंद प्रकाश मौर्य ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा ऐसे मतदाताओं को आधिकारिक नोटिस थमाया जा रहा है, जिनका डेटाबेस में मिलान नहीं हो पा रहा है। नोटिस के माध्यम से मतदाताओं को अपनी पहचान व निवास के पुख्ता प्रमाण के साथ उपस्थित होने को कहा जा रहा है। नोटिस की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नोटिस रिसीविंग को अनिवार्य बनाया गया है। बीएलओ मौके पर ही मतदाता या उनके परिवार को नोटिस देने के बाद पावती दे रहे हैं। नोटिस में सुनवाई की एक निश्चित तिथि का निर्धारण किया गया है। नो मैपिंग वाले मतदाता निर्धारित तिथि पर अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित नहीं होंगे तो उनको फिर से नोटिस जारी की जाएगी। उसके बाद भी साक्ष्य नहीं देंगे तो मतदाता सूची से नाम काटने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। नो मैपिंग वाले मतदाताओं को चरणबद्ध तरीके से नोटिस जारी की जा रही है। नोटिस में समय सीमा निर्धारित है कि कब उनको जवाब देने के लिए उपस्थित होना है। जिनका नाम नो मैपिंग की सूची में है, वह निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेज सुरक्षित रखें। नोटिस मिलने के बाद जवाब उपलब्ध करा दें। साक्ष्यों के सत्यापन के बाद नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा। डॉ. प्रशांत कुमार-एडीएम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


