बुजुर्ग को थमाई नकली दो लाख की गड्डी, 26 हजार लेकर फरार
Maharajganj News - पनियरा नगर पंचायत में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग सुरेश सिंह के साथ ठगी की घटना हुई। दो उचक्कों ने उन्हें रुमाल में लपेटकर नकली गड्डी दी और 26 हजार रुपये कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पनियरा, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत पनियरा में एक बुजुर्ग के साथ उचक्कों ने ठगी कर ली है। पनियरा स्थित एक बैंक से कैश निकालने गये एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को उच्चकों ने रुमाल में लपेटकर रखी गई दो लाख रुपये की नकली गड्डी थमा दी और उसके पास मौजूद 26 हजार कैश लेकर फरार हो गए। उचक्के दो की संख्या में थे। ठगी का अहसास होने के बाद बुजुर्ग सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। पनियरा नगर पंचायत के देव नगर निवासी सुरेश सिंह (60) पुत्र काशी सोमवार की दोपहर पनियरा कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे।
उन्होंने अपने खाते से 26 हजार रुपये निकाला। इसी बीच वहां मौजूद दो उच्चकों ने पासबुक प्रिंट कराने के बहाने उनसे मेलजोल बढ़ाया। फिर बुजुर्ग को लेकर दोनों बैंक के बाहर आ गये। बुजुर्ग को दोनों उच्चकों ने बातों में उलझाकर ब्लाक के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे। वहां रुमाल में लपेटा दो लाख रुपये की गड्डी दिखाकर असली नोट होने का भरोसा दिया और बुजुर्ग से 26 हजार रुपये हथिया लिए। कुछ ही देर बाद दोनों मौके से फरार हो गए। ठगी के शिकार सुरेश सिंह ने बताया कि ठगी का अहसास होने पर उन्होंने अपने घर फोन किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। इस बावत चौकी प्रभारी पनियरा मृत्युंजय उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जरूरी कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




