जीवन के शिखर पर पहुंचने के लिए शिक्षा ही एकमात्र मार्ग: डॉ. तनु जैन
Maharajganj News - महराजगंज में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में डॉ. तनु जैन ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि सही विकल्प चुनने की शक्ति है। उन्होंने स्किल डेवलपमेंट की आवश्यकता पर जोर दिया और मोबाइल के सदुपयोग पर भी बात की। डीएम संतोष शर्मा ने बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए अपने अनुभव साझा किए।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। शिक्षा केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जीवन में सही विकल्प चुनने की शक्ति प्रदान करने का माध्यम है। यदि आप जीवन की ऊंचाइयों को छूना चाहते हैं, तो शिक्षा को अपना मूलमंत्र बनाना होगा। यह विचार प्रसिद्ध शिक्षाविद पूर्व आईएएस व मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. तनु जैन ने व्यक्त किया। डॉ. तनु जैन आरपीआइसी व रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छात्र संवाद एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम संतोष शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. तनु जैन ने छात्रों से संवाद करते हुए अपने संबोधन में पूर्वांचल के जननायक प्रो. सिब्बन लाल सक्सेना व पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया।
कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता है। यही वह संयोजन है जो आपको धन, यश व सम्मान का हकदार बनाता है। मोबाइल का सदुपयोग व एकाग्रता जरूरी: वात्सल्य पांडेय विशिष्ट अतिथि आईएएस वात्सल्य पांडेय ने छात्रों को तकनीक के प्रति सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान में मोबाइल का गलत उपयोग विद्यार्थियों को उनके मार्ग से भटका रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि छात्र एकाग्रता के साथ शिक्षा ग्रहण करें, तो उनके सपनों को उड़ान भरने से कोई नहीं रोक सकता। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने भी अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के संचालक डॉ. पंकज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों को विस्तार से बताया। सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, रोटरी क्लब अध्यक्ष कैप्टन मानवेंद्र सिंह, महंत संकर्षणदास रामानुज, एनबी पाल, सोमनाथ चौरसिया, ओए जोसेफ, रजनीश केडिया, कृष्ण मुरारी सिंह, अरुण पांडेय, मनीष पाण्डेय, विवेक चौरसिया, ई. नीरज तिवारी, धीरज तिवारी, देवेंद्र शुक्ला सहित भारी संख्या में नागरिक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




