घर छोड़ कर भाग रहे जीजा को साले ने धुना, वीडियो वायरल
Maharajganj News - -भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित चौराहे की घटना, तीन दिन पहले की

परतावल, हिन्दुस्तान संवाद।
शादीशुदा बहन के साथ विवाद के बाद घर छोड़ कर निकले जीजा को भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित चौराहे पर साला मिल गया। साथ में बहन भी अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर पहुंच गई। समझाने-बुझाने के बाद मुंह फुलाकर बैठे जीजा को देख साला भड़क गया। पैंट से बेल्ट निकाल जीजा की धुनाई शुरू कर दिया। जीजा साले के हाथ से पिटने के बाद सिर झुकाए बैठा रहा। मारपीट का वीडियो बनाता देख महिला व उसका भाई उलझ गया। यह घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है। हालांकि हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
महिला की शादी घुघली थाना क्षेत्र में हुई है। बच्चे भी हैं। कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इससे पति नाराज होकर बैग में कपड़ा रख कर घर से निकल गया। इससे पत्नी व परिजन परेशान हो गए। दो दिन बाद पता चला कि पति भिटौली थाना क्षेत्र के गांव में अपने दोस्तों के घर रुका हुआ है। पति के ठिकाने का पता लगते ही पत्नी वहां पहुंच गई और डायल-112 को फोन कर दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही पति अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। इसके बाद डायल-112 की पुलिस पति को पनाह देने वाले उसके दो दोस्तों को पकड़ कर थाने पर ले गई। वहां दोनों दोस्तों को इस समझौता पर छोड़ा गया कि वह महिला के पति को ढूंढ कर लाएंगे। वरना उनको खुद ही थाना पर उपस्थित होना होगा।
फरार पति को दोस्तों ने ढूंढ कर पत्नी के सामने किया
सुलह-समझौता के शर्त का पालन करते हुए दोनों दोस्तों ने महिला के पति को ढूंढ कर तीन दिन पहले ढूंढ निकाला। पकड़ी दीक्षित चौराहे पर अपने भाई के साथ आई महिला को उसके पति को सौंप दिया। कहा कि इनको ले जाइए। पुलिस को भी सूचना दे दी कि वह महिला को पति को ढूंढ कर उसकी पत्नी को सौंप दिए हैं। पकड़ी दीक्षित चौराहे के एक दुकान पर बैठे जीजा को देख साला भड़क उठा। अपने पैंट से बेल्ट निकाल जीजा को पीटने लगा। मौके पर भीड़ को एकत्र होता देख अपने पति को महिला अपने साथ ले गई। इस मामले में भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र का कहना है कि दंपति घुघली थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं। तीन चार दिन पहले डायल-112 पर फोन कर एक महिला सूचना दी थी कि थानाक्षेत्र के एक गांव में पति अपने दोस्त के घर ठहरा है। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पति फरार हो गया था। दोस्तों से कहा गया था कि महिला के पति को ढूंढने में वह मदद करें। मारपीट की जानकारी नहीं है। प्रकरण में शिकायत मिलने पर जांच-पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।