सदर विधानसभा में 59 फीसदी नोटिस पर सुनवाई पूरी
Maharajganj News - महराजगंज के डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सदर विधानसभा क्षेत्र के तहसील सदर में मतदाताओं के नोटिसों की सुनवाई की स्थिति का निरीक्षण किया। 44757 नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 26332 की सुनवाई पूरी हो चुकी है। डीएम ने समय पर सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सदर विधानसभा क्षेत्र के तहसील सदर में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई की स्थिति का हाल जानने के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान नो मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिसों की संख्या की जानकारी ली। नायब तहसीलदार सदर ने बताया कि नो मैपिंग वाले 44757 मतदाताओं को नोटिस जारी किया जा चुका है। इसमें से लगभग 26332 मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है। यह लक्ष्य का करीब 59 प्रतिशत है। नायब तहसीलदार ने बताया कि कुल 6 अतिरिक्त एईआरओ ने 148 सुनवाई पूरा किया गया है। डीएम ने नोटिस जारी कर समय के अंदर सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया।
कहा कि यदि कोई मतदाता नियत तिथि पर नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी सुनवाई अन्य तिथियों में भी सुनिश्चित करें। डीएम ने अधिकारियों को बूथों पर जाकर भी सुनवाई करने का निर्देश दिया, ताकि शत- प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूर्ण की जा सके। साथ ही संबंधित ईआरओ को राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उनके निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराते हुए उनसे अपने-अपने बीएलए के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदाताओं को सुनवाई स्थल तक लाने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि कोई भी अर्ह मतदाता निर्वाचक नामावली में दर्ज होने से वंचित न होने पाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाए। डीएम ने मतदाताओं से किया संवाद डीएम ने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने मतदाताओं से अपील की अपने आवश्यक दस्तावेज के साथ आकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराएं। इस दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सदर प्रद्युम्न सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



