बीमार पशुओं की ठीक से करें देखभाल, सुरक्षा के लिए लगवाएं जाल : डीएम
Maharajganj News - डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह के साथ मदनपुरा स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश की देखभाल, सुरक्षा उपाय और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की। बीमार पशुओं की विशेष देखभाल करने और गोवंश शेड के चारों ओर जाल लगाने के निर्देश दिए।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह के साथ अस्थाई गौ आश्रय स्थल मदनपुरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोआश्रय स्थल में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि बीमार पशुओं की ठीक से देखभाल करें और सुरक्षा के लिए शेड के किनारे जाल लगवाएं।उन्होंने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष एवं भूसा कक्ष का निरीक्षण करते हुए संरक्षित गोवंश की संख्या की जानकारी प्राप्त की। बीडीओ मिठौरा ने बताया कि गो आश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश हैं। साथ ही बताया गया कि भूसा 106 कुंतल, पशु आहार 25 बोरी, चोकर 42 बोरी तथा साईलेज 5 बोरी उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है। डीएम ने पूरे परिसर में छाया के लिए फलदार वृक्ष लगाए जाने तथा वर्षा ऋतु में परिसर को दलदली होने से बचाने के लिए घास रोपित करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली, तो सभी क्रियाशील पाए गए। बताया गया कि एक गोवंश बीमार है, जिसका परीक्षण पशु चिकित्सक द्वारा किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बीमार पशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी मृत गोवंश के शव का गरिमापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कमजोर गोवंशों को पक्षियों के हमलों से बचाने के लिए गोवंश शेड के चारों ओर जाल लगवाने के भी निर्देश दिए।कहा कि गौ आश्रय स्थल में 24 घंटे केयर टेकर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल एवं अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से क्रियाशील पाई गईं। इस दौरान बीडीओ मिठौरा राहुल सागर, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


