देर रात सिसवा पहुंचे डीएम, रैन बसेरे का किया निरीक्षण
Maharajganj News - महराजगंज के डीएम संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार रात सिसवा नगर पालिका में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और रैन बसेरों में सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड में किसी भी व्यक्ति को बाहर सोने न दिया जाए और अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। मंगलवार को पछुआ हवा, शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए डीएम संतोष कुमार शर्मा देर रात सिसवा नगर पालिका पहुंचे। कस्बे में बने रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों की व्यवस्थाएं परखीं। रेलवे स्टेशन पर खुले में सो रहे जरूरतमंदों को ठंड से राहत दिलाने के लिए कंबल भी वितरित किया। देर रात अचानक सिसवा पहुंचे जिलाधिकारी सबसे पहले रेलवे स्टेशन के पास रैन बसेरे में पहुंचे। वहां उन्होंने साफ-सफाई, बिस्तर और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम ने वहां ठहरे हुए लोगों से बात कर उनका हाल-चाल जाना।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ठंड के मौसम में किसी भी मुसाफिर या बेसहारा व्यक्ति को बाहर न सोना पड़े और रैन बसेरों में सुविधाओं की कोई कमी न हो। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन पहुंच परिसर और उसके आसपास भीषण ठंड में ठिठुर रहे जरूरतमंदों को देख कंबल वितरित किया। अलाव जलाने और सुरक्षा के निर्देश : निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कस्बे के प्रमुख चौराहों पर जल रहे अलाव की स्थिति भी देखी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया कि कस्बे के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण लकड़ी के अलाव जलाए जाएं। कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोता हुआ न मिले। ऐसे लोग दिखें तो उन्हें तत्काल रैन बसेरों में शिफ्ट कराया जाए। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन हर संभव मदद के लिए मुस्तैद रहे। देर रात जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी मची रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




