Maharajganj News: सर्वोदय विद्यालय में छात्राओं के गुरु बने डीएम, कॅरियर संवारने का बताया तरीका
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्राओं के साथ संवाद कर शैक्षणिक उन्नति, प्रतियोगी परीक्षाएं, कॅरियर विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और समाचार पत्र पढ़ने को प्रेरित किया। छात्राओं को कलक्ट्रेट भ्रमण का न्योता भी दिया गया।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्राओं के साथ प्रेरक संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को शैक्षणिक उन्नति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कॅरियर निर्माण व व्यक्तित्व विकास के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। डीएम ने छात्राओं से उनके कैरियर लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और योजनाबद्ध तरीके से निरंतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं से प्रश्न पूछते हुए
संवाद के दौरान डीएम ने छात्राओं से विभिन्न विषयों एवं कॅरियर से जुड़े प्रश्न पूछे, जिसका छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। डीएम ने छात्राओं के ज्ञान व सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान का छात्रावासीय जीवन उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभप्रद सिद्ध होगा। इसमें सीखा गया अनुशासन, समय प्रबंधन व आत्मनिर्भरता आगे की चुनौतियों में काम आएगी। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ें और परिणाम की चिंता किए बिना अपना शत-प्रतिशत प्रयास करें।
लक्ष्य पर ध्यान और समाचार पत्र पढ़ने का दिया मूल मंत्र
डीएम ने छात्राओं को भटकाव से दूर रहकर अपने निर्धारित लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए देश-दुनिया की समसामयिक गतिविधियों से अपडेट रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन समाचार पत्र व ज्ञानवर्धक पत्रिकाएं पढ़ने की सलाह दी।
प्रशासनिक व्यवस्था समझने को कलक्ट्रेट भ्रमण का दिया न्योता
संवाद के दौरान जब छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली जानने की उत्सुकता जताई, तो डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी व प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं को कलेक्ट्रेट व विकास भवन के एक्सपोजर विजिट की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान छात्राएं जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, जनसुनवाई केंद्र, कंट्रोल रूम और विभिन्न विभागीय अनुभागों की कार्यप्रणाली को करीब से देखेंगी। अधिकारियों के साथ इस प्रत्यक्ष संवाद से उन्हें प्रशासनिक पदों की जिम्मेदारियों की स्पष्ट समझ मिलेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नया दृष्टिकोण व मार्गदर्शन प्राप्त होगा। संवाद के उपरांत डीएम ने छात्राओं और शिक्षकों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी व प्रधानाचार्य मौजूद रहे।


