पेंशन के मामलों में लापरवाही देख डीएम ने दी चेतावनी

Jan 18, 2026 12:10 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share

Maharajganj News - निचलौल, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील सभागार निचलौल में शनिवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा व

पेंशन के मामलों में लापरवाही देख डीएम ने दी चेतावनी

निचलौल, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील सभागार निचलौल में शनिवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा व एसपी सोमेन्द्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पेंशन के आए मामलों में लापरवाही की शिकायत पर समाज कल्याण विभाग के जिम्मेदारों को डीएम ने फटकार लगाई। इस दौरान आई कुल 102 शिकायतों में से मौके पर 17 का निस्तारण किया गया। डीएम ने एसआईआर में मतदाता सूची को बूथों के जरिए शुद्ध करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत जो नोटिस जारी की जा रही है उसकी सुनवाई कर मामलों को सही ढंग से निराकरण करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस दौरान निचलौल नगर पंचायत के पूर्व सभासद बिहारीलाल ने शिकायत दर्ज कराई कि कस्बा निचलौल से सटे चमनगंज पुल के पास सिंचाई विभाग की तकरीबन दो एकड़ जमीन है। उस भूमि पर एक शख्स ने जबरन कब्जा कर लिया है और फसल की बुवाई करा दिया है। सिंचाई विभाग द्वारा लगाए गए सीमेंटेड खंभे को तोड़ दिया है। इस पर डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। गन्ना मूल्य भुगतान में देरी, ट्राली पर सूख रहा उपज ग्राम मिश्रौलिया के गन्ना किसान कशीम अहमद, अम्बरीष तिवारी, संजय राय, गयासुद्दीन, अरविंद पांडेय आदि ने शिकायत दर्ज कराया कि गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में देरी की जा रही है। बीते 13 दिसंबर के बाद तौल किए गए गन्ना का अभी तक भुगतान नहीं मिल पाया है। इतना ही नहीं मिल द्वारा जारी की जाने वाली पर्ची को तीन दिन में ही मिल प्रबंधन हायल कर दे रहा है। इससे गन्ना ट्रॉलियों पर ही सूख रहा है। ग्राम ढेसों निवासी अजीमुल्लाह और अमानुल्लाह ने शिकायत दर्ज कराई कि मतदाता सूची में बीएलओ द्वारा गड़बड़ी की गई है। मतदाता सूची में जीवित लोगों का नाम काट दिया गया है। इन लोगों ने बीएलओ की जिम्मेदारी दूसरे कर्मचारी को देने की मांग की है। ग्राम बैठवलिया निवासी रामनिवास ने शिकायत दर्ज कराया कि उसके गांव में चकबंदी कार्य में मनमानी की जा रही है। उसने अपना चक जिस स्थान पर मांग किया था उसे वहां नहीं दिया जा रहा है। इस मौके पर सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ शिवप्रताप सिंह, बीएसए रिद्धि पांडेय, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल, बीडीओ शमां सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. ईश्वर चंद विद्यासागर, सीडीपीओ अजय नायक, रेंजर सुनील राव, बीईओ आनंद कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।