जिले में डिजिटल जनगणना का खाका तैयार, मैपिंग पूरी
Maharajganj News - महराजगंज में डिजिटल जनगणना की तैयारियाँ पूरी हो गई हैं। स्व-गणना का अभियान 21 मई तक चलेगा, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। जिले ने स्व-गणना में 28वां स्थान प्राप्त किया है, जबकि सोनभद्र पहले स्थान पर है। प्रशासन ने जागरूकता के लिए विशेष कदम उठाए हैं।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जनपद में देश की पहली डिजिटल जनगणना को रफ्तार देने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रगणकों व सुपरवाइजरों का बैचवार प्रशिक्षण संपन्न होने के साथ ही सभी चार्जों में मैपिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। अब जल्द ही गांवों व शहरों में वास्तविक गणना का महाअभियान शुरू होगा। सभी तहसीलों व नगर निकायों में सुपरवाइजरों को सुपरवाइजर सर्किल व प्रगणकों को एचएलबी आवंटित कर दिया गया है। इस बार खास बात यह है कि नागरिक खुद भी अपनी स्व-गणना ऑनलाइन कर रहे हैं। 21 मई तक यह अभियान चलेगा। स्व-गणना में आने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। इसके लिए मोबाइल नंबर 7393955896 जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर नागरिक जनगणना से जुड़े विशेषज्ञों की सीधी मदद ले सकेंगे。
स्वगणना में 28वें स्थान पर जिला
आनलाइन स्व-गणना में जनपद 24वें स्थान से नीचे खिसक कर 28वें स्थान पर आ गया है। जिले में अभी तक 23676 लोगों ने स्व-गणना किया है। 35183 स्वगणना के साथ देवरिया प्रदेश की सूची में 18वें स्थान पर था। एक दिन पहले यह 16वें स्थान पर था। कुशीनगर 42वें, संतकबीनगर 49वें, बस्ती 52वें, गोरखपुर 71वें व सिद्धार्थनगर जनपद 72वें स्थान पर है। 1 लाख 45 हजार 401 स्वगणना के साथ सोनभद्र प्रदेश में सबसे उपर है। सूची में सबसे नीचे गौतमबुद्धनगर जनपद है।
डीपीआरओ व बीएसए ने जागरूकता का संभाला कमान
प्रशासन ने महाअभियान के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। जिला जनगणना अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों व कर्मचारियों से तिथिवार स्व-गणना करने का अनुरोध करते हुए अर्द्धशासकीय पत्र भेजा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार व डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीएसए रिद्धी पांडेय व नगरीय क्षेत्रों में ईओ को स्व-गणना के जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार का बयान
डिजिटल जनगणना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों को सक्रिय किया गया है। 21 मई तक चलने वाले इस अभियान में सभी नागरिक बढ़-चढ़कर हिस्सा लें व अपनी ऑनलाइन स्व-गणना सुनिश्चित करें। इसके लिए कंट्रोल रूम से पूरी मदद दी जा रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


