
जंगल से भटककर आबादी में पहुंचे सांभर ने मचाया उत्पात, अफरा-तफरी
Maharajganj News - ठूठीबारी के टोला धर्मौली में एक सांभर गांव में घुस आया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सांभर ने दो घरों में तोड़फोड़ की और घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त किया। स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम ने सांभर को जंगल में सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए। अंततः सांभर जंगल की ओर भाग निकला।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ठूठीबारी के टोला धर्मौली में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर एक सांभर (हिरण) गांव में घुस आया। अचानक आबादी में पहुंचे सांभर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घबराया सांभर इधर-उधर भागते हुए उत्पात मचाने लगा। मनौव्वर अली के मकान में जा घुसा, जिससे परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। उसने दो घरों में तोड़फोड़ की। सांभर ने मनौव्वर के घर के अंदर घुसते ही टीवी, पंखा समेत अन्य घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सांभर को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घबराया सांभर इस घर से निकलकर भागते हुए सरीफ खान के मकान में घुस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर भगाया जा सका। मधवलिया रेंज के बीट इंचार्ज वन दरोगा मार्कण्डेय पांडेय ने बताया कि वाचर नरेश, बिरजू व मजबून को मौके पर भेजा गया था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को सतर्क करते हुए क्षेत्र को खाली कराया और सांभर को खुले रास्ते की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया। इसी बीच सांभर ने बड़ी-बड़ी छलांग लगाते हुए गांव से बाहर निकलकर तरहवा जंगल की दिशा में दौड़ लगा दी। वन दरोगा ने बताया कि संभवतः जंगल क्षेत्र में भोजन या पानी की कमी के कारण सांभर भटककर गांव में आ गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




