Maharajganj News: रोहिन नहर में मगरमच्छ देख दहशत में हैं ग्रामीण
Maharajganj News: भगवानपुर के रतनपुर गांव में एक मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। नहर रोड के पास मगरमच्छ के दिखने से लोग डर गए हैं, विशेषकर पानी में अपने जानवरों को नहलाने वाले। वन विभाग को मगरमच्छ पकड़ने के लिए सूचना दी गई है।

Maharajganj News: भगवानपुर, हिन्दुस्तान संवाद। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रतनपुर नहर रोड के बगल नहर में रविवार की सुबह मगरमच्छ दिखाई देने से आस-पास के लोगों में दहशत बना हुआ है। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग को सूचना दे दी है।नौतनवा ब्लाक क्षेत्र के रोहिन नदी में स्थित मां बनैलिया रोहिन बैराज से सिंचाई के लिए एक नहर निकली हुई है। यह नहर रतनपुर होते हुए लक्ष्मीपुर ब्लाक की तरफ चली गई है। उसी नहर में ग्राम पंचायत रतनपुर नहर रोड निवासी लल्लू गुप्ता के घर के सामने नहर में एक मगरमच्छ दिखाई देने से आस-पास के लोगों में दहशत बन गई है।
नहर में मगरमच्छ दिखाई देने से आस-पास के घरों के लोगों में तथा जानवरों को पानी में नहलाने वाले लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीण राजू साहनी, बाबूलाल यादव, राम केवल, जितेन्द्र, विष्णु दयाल, सुनील, धर्मेन्द्र आदि लोगों ने बताया कि रोहिन नहर में मगरमच्छ दिखाई देने से बहुत डर बना हुआ है। मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वनविभाग को सूचना दी गई है। इस संबंध में उत्तरी चौंक रेंज घोड़हवा बीट के फारेस्टर जितेन्द्र कुमार गौड़ ने बताया कि बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ आ गया है। लोगों को नहर में जाने से मना कर दिया गया है।


