सोनबरसा के प्रधान के अधिकार सीज, सचिव निलंबित
Maharajganj News - महराजगंज के सिसवा ब्लॉक की सोनबरसा ग्राम पंचायत में सरकारी फंड के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान संतरा देवी के सभी अधिकार सीज कर दिए गए हैं और ग्राम पंचायत अधिकारी बालेश्वर प्रजापति को निलंबित कर दिया गया है। जांच में 11 लाख से अधिक की अनियमितताएं पाई गईं हैं।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सिसवा ब्लॉक की सोनबरसा ग्राम पंचायत में सरकारी फंड के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने जांच के बाद ग्राम प्रधान संतरा देवी के सभी प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है। ग्राम पंचायत अधिकारी बालेश्वर प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने दो सदस्यीय समिति गठित कर मामले की गहन जांच के आदेश दिया है। यह कार्रवाई एक ग्रामीण की शिकायत पर जांच के बाद की गई है। संजय निषाद नाम के ग्रामीण ने 13 दिसंबर 2024 को शिकायती पत्र दिया था। डीएम के आदेश पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी व सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने जांच कर रिपोर्ट दी।
जांच रिपोर्ट में कुल 11 लाख 37 हजार 282 रुपये की अनियमितताओं की पुष्टि हुई। सफाई व फॉगिंग मद में 8 लाख 1 हजार 868 रुपये आहरित किए गए, लेकिन केवल 1 लाख 56 हजार 640 रुपये के अभिलेख मिले। बाकी फंड का हिसाब गायब मिला। 100 स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर 3 लाख 43 हजार 710 रुपये खर्च दिखाए गए, जबकि मौके पर महज 37 लाइट ही लगी हुई मिली। नाली निर्माण, खड़ंजा व सचिवालय कायाकल्प जैसे कार्यों में भी अनियमितता मिली। जांच में प्रधान व सचिव द्वारा जमा कई एमबी कूटरचित साबित हुए, जिसकी पुष्टि कंसल्टिंग इंजीनियर ने की। डीपीआरओ के नोटिस पर दिया स्पष्टीकरण भी संतोषजनक नहीं पाया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सचिव को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम प्रधान का पावर सीज कर दिया है। अंतिम जांच के लिए सहायक निदेशक मत्स्य व सहायक अभियंता की दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


