शिक्षक के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल करेगा ब्राह्मण महा संस्था
Maharajganj News - महराजगंज में एक शिक्षक द्वारा ब्राह्मण महिलाओं पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद स्थिति बिगड़ गई है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन और एफआईआर के बावजूद नाराजगी कम नहीं हो रही है। सनातन ब्राह्मण महा संस्था...

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। परिषदीय विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा ब्राह्मण महिलाओं पर की गई विवादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन और एफआईआर दर्ज होने के बाद भी नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है। सनातन ब्राह्मण महा संस्था ने स्पष्ट किया है कि वह आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल कर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगा। संस्था के अध्यक्ष नर्वदेश्वर शुक्ल ने कहा कि निलंबन कोई सजा नहीं है। शिक्षक की टिप्पणी पूरे मातृशक्ति का अपमान है। ऐसे व्यक्ति को समाज में रहने का अधिकार नहीं है। संस्था की मांग है कि आरोपी को बर्खास्त कर जेल भेजा जाए।
उन्होंने बताया कि इसके लिए न्यायालय में परिवाद दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षक की टिप्पणी के बाद बढ़ा है बवाल गौरतलब है कि परतावल क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय लखिमा में तैनात सहायक अध्यापक ओम प्रकाश कन्नौजिया ने बुधवार रात करीब 10.33 बजे शिक्षकों के विभागीय सोशल मीडिया ग्रुप पर ब्राह्मण महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर दी थी। इस पर महिला शिक्षिकाएं आक्रोशित होकर बीआरसी पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं। बीएसए रिद्धी पांडेय ने बीईओ की जांच आख्या के आधार पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर परतावल क्षेत्र के ही कम्पोजिट विद्यालय ऊंटी से सम्बद्ध कर दिया। साथ ही परतावल निवासी अखंड देव भार्गव की तहरीर पर श्यामदेउरवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच आरोपी शिक्षक को ऊंटी विद्यालय में सम्बद्ध किए जाने पर वहां के लोगों ने भी आक्रोश जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस शिक्षक के मन में महिलाओं के प्रति ऐसे कलुषित विचार हों, उसे बच्चों को पढ़ाने का कोई हक नहीं है। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रकरण में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




