Maharajganj News: जिले में बनेंगे छह लघु सेतु, 14.60 करोड़ की मिली वित्तीय स्वीकृति
Maharajganj News: महराजगंज में जर्जर और संकरी पुलियों के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। शासन ने जिले में छह स्थानों पर लघु सेतु निर्माण के लिए 14.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। पहली किस्त में 292.16 लाख रुपये जारी किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग जल्द कार्य शुरू करेगा।

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता जिले में जर्जर व संकरी पुलियों के कारण लगने वाले जाम व हादसों से जल्द राहत मिलेगी। शासन ने राज्य योजना ग्रामीण के तहत जिले में कुल छह स्थानों पर लघु सेतु व पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 14.60 करोड़ रुपये की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके सापेक्ष चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 292.16 लाख रुपये की पहली किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है।
नए पुलों का निर्माण
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के छह प्रमुख मार्गों पर जर्जर व संकरे पुलों की जगह नए आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट व वेल फाउंडेशन आधारित लघु सेतु बनाए जाएंगे। इसके तहत घुघली-शिकारपुर मार्ग के किमी-2 व 10 में संकरी आर्च पुलिया के स्थान पर 2 गुणे 3गुणे 3 मीटर स्पान के लघु सेतु व पहुंच मार्ग हेतु 222.65 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसके सापेक्ष 44.53 लाख रुपये जारी हुए हैं।
अवमुक्त की गई राशि
सीएसएनटीएन मार्ग के किमी-6, 8 व 11 में संकरी आर्च पुलिया की जगह 2 गुणे 3 गुणे 3 व 2 गुणे 6 गुणे 3 मीटर स्पान के लघु सेतु हेतु 359.73 लाख रुपये स्वीकृत कर 71.95 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। वहीं सिसवा-शिवदत्त छपरा-चैनपुर-बेलवा द्वारिका, सोनबरसा-बेलवा घाट पर 2 गुणे 3 गुणे 3 मीटर स्पान के लघु सेतु हेतु 119.91 लाख रुपये मंजूर हुए हैं और 23.98 लाख रुपये का आवंटन मिला है।
महाव नाले का नया सेतु
महाव नाला के पुराने पुल के स्थान पर बनेगा नया सेतु
इसी क्रम में बेलवा काजी चाफी टोला मार्ग पर 3 गुण 5 गुणे 5 मीटर स्पान के लघु सेतु व सुरक्षात्मक कार्य हेतु 106.95 लाख रुपये की लागत तय कर 21.39 लाख रुपये जारी किए गए हैं। कप्तानगंज-सिसवा-निचलौल-ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग स्थित महाव नाला किमी -19.369 में पुराने पुल के स्थान पर 2 गुणे 16 मीटर के वेल फाउंडेशन आधारित लघु सेतु निर्माण के लिए 363.14 लाख रुपये स्वीकृत कर 72.63 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा निचलौल-चिउटहां-पुरैना मार्ग पर स्थित संकरे पुल के स्थान पर 4 गुणे 6 गुणे 4 मीटर स्पान के लघु सेतु निर्माण हेतु 288.07 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसके सापेक्ष 57.61 लाख रुपये जारी हुए हैं। लोक निर्माण विभाग जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराएगा।
गुणवत्तापूर्ण कार्य की आवश्यकता
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि शासन से छह लघु सेतुओं के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि टेंडर की प्रक्रिया त्वरित गति से पूरी कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जाएगा। ताकि लोगों को राहत मिल सके।


