महराजगंज में चलती कार का टायर फटा, टक्कर से पांच बाइक सवार घायल
Apr 06, 2026 05:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
Maharajganj News - महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक तेज गति से आ रही कार का टायर फट जाने से पांच बाइकों से टक्कर हो गई। सभी बाइक चालक घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सदर कोतवाली क्षेत्र के गौनरिया के पास तेज गति से आ रही कार का टायर ब्रस्ट हो गया। इससे अनियंत्रित कार की एक-एक कर पांच बाइक से टक्कर हो गई। इस घटना में सभी बाइक चालक घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। चारों घायलों का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। घुघली थाना क्षेत्र के वसंतपुर निवासी राजू और ध्रुव नारायण जायसवाल सोममार दोपहर बाद महराजगंज शहर से बाइक से घर जा रहे थे। अभी वह गौनरिया के पास पहुंचे थे कि गोरखपुर की तरफ से तेज गति से आ रही कार का पहिया ब्रस्ट हो गया। इससे कार अनियंत्रित होकर उनके बाइक में जा भिड़ी और सड़क पर गिर गई। ऐसे ही एक-एक कर पांच बाइकों में कार से टक्कर हुई। इस घटना में पांचों बाइक चालक व सवार घायल हो गए। इनमें ध्रुव नारायण जासवाल, राजू, गोरखपुर निवासी दीपक और मुन्ना की हालत गंभीर देख स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल भिजवाया। चारों घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार हो रहा है। घायल के परिजन ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए थे। एक चालक को सामान्य चोट के चलते गौनरिया मेडिकल स्टोर से दवा देकर घर भेज दिया गया।
अस्पताल प्रशासन ने सर्जन और आर्थो सर्जन को भेजा ट्रॉमा सेंटर
सड़क दुर्घटना होने की जानकारी होने पर सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने वरिष्ठ सर्जन डॉ. बीके शुक्ला और आर्थो सर्जन को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचने को कहा। दोनों डॉक्टर घायलों की स्वास्थ्य जांच के बाद दवा लेने के परामर्श देने के साथ ही जांच कराने की सलाह दी।
मौसी के घर से लौट रहे थे गोरखपुर निवासी दीपक व मुन्ना
गोरखपुर निवासी घायल दीपक व मुन्ना का महराजगंज के बल्लोखास में मौसी का घर है। दोनों मौसी के घर आए थे। दीपक और मुन्ना एक बाइक से सोमवार को अपने घर गोरखपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
सड़क दुर्घटना की जानकारी होते ही वरिष्ठ सर्जन और आर्थो सर्जन को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। घायलों का प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार हो रहा है। उनकी देखभाल के लिए ईएमओ और स्टाफ नर्स को निर्देशित किया गया है।
डॉ. एके द्विवेदी, सीएमएस
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


