गांजा के साथ एक युवक को आबकारी और एसएसबी की टीम ने पकड़ा
संक्षेप: Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। बिहार चुनाव के मद्देनजर आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव,
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। बिहार चुनाव के मद्देनजर आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव, निचलौल और एसएसबी की टीम ने गश्त के दौरान रात में एक व्यक्ति को अवैध गांजा के साथ पकड़ा है। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुशीनगर से मादक पदार्थ लेकर निचलौल क्षेत्र में चंदा गुलरभार के रास्ते आने वाला है, उसे सतर्कता से पकड़ा जा सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी के निकटतम बॉर्डर आउटपोस्ट समवाय झुलनीपुर से संपर्क किया गया और गश्ती दल की माँग की गई। थोड़ी ही देर में गश्ती दल आ गया तो उनके नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा मादक पदार्थ तस्करी रोकथाम के लिए मुखबिर द्वारा बताए गए रास्ते पर चेकिंग शुरू की गई ।

इस दौरान जिले में आने वाले सभी लोगों पर कड़ी निगरानी रखी गई। थोड़ी ही देर में एक व्यक्ति बाइक से आया जिसे रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी बाइक की बैग वाली डिग्गी से गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गांजे की तौल की गई तो यह 514 ग्राम गाँजा मिला। पकड़े गए शख्स ने अपना नाम इंद्रेश यादव पुत्र चंद्रिका यादव निवासी पांडेय मोहल्ला वार्ड नंबर 08, निचलौल बताया। इंद्रेश ने बताया की वह गांजा कुशीनगर से ख़रीदकर लाता है और निचलौल कस्बे में बेचता है। इसने बताया कि वह कुछ दिनों से यह इस कार्य में लिप्त हुआ है। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि इंद्रेश यादव के विरुद्ध धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। उसे रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया और मादक पदार्थ के अवैध परिवहन में प्रयुक्त बाइक को अंतर्गत धारा 60(3) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कब्जे में लेकर जब्तीकरण की कार्यवाही शुरू कर दी गई । पूछताछ के दौरान अभियुक्त इंद्रेश में बताया कि वह गांजा को नशे के तौर पर अवैध रूप से निचलौल कस्बे में बेचता था और इसी फिराक में वह आज भी था। इस दौरान इसने यह भी बताया कि कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लंगड़ी विशुनपुरा का जितेंद्र ही इसका सप्लायर है। इसके दिए बयानों की जांच की जा रही है। इसमें संलिप्त अन्य लोगों पर भी कार्रवाई आने वाले दिनों में की जाएगी। गिरफ्तारी टीम में आबकारी निरीक्षक के अलावा सशस्त्र सीमा बल समवाय झुलनीपुर के निरीक्षक सामान्य सुभाष चंद्रा भी शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




