विज्ञान प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दिखाया हुनर
Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक नगर पंचायत क्षेत्र स्थित जीएसपी कॉन्वेंट स्कूल केवलापुर

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक नगर पंचायत क्षेत्र स्थित जीएसपी कॉन्वेंट स्कूल केवलापुर कला में आयोजित विद्यालयीय वार्षिक बाल मेला आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में छात्रों की प्रतिभा, नवाचार और उत्साह ने विद्यालय परिसर को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राजकुमार जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, बौद्धिक विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं। बाल मेले में छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में मैथेमेटिकल वर्ल्ड, राम मंदिर मॉडल, प्रदूषण नियंत्रण एवं जल शुद्धिकरण प्रणाली, हाइड्रोलिक पावर प्लांट, हाइड्रोलिक प्रेशर मॉडल तथा भूकंप सूचक यंत्र जैसे मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय परिसर में लगाए गए 10 से अधिक फूड स्टॉल्स पर छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों को लोगों ने खूब सराहा। वहीं गीत-संगीत और नृत्य से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले में चार चांद लगा दिए। मेले में आयोजित मेगा लकी ड्रॉ भी लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार 32 इंच स्मार्ट टीवी, द्वितीय पुरस्कार सीलिंग फैन, तृतीय पुरस्कार रूम हीटर तथा चतुर्थ से दसवां पुरस्कार इलेक्ट्रिक केतली दी गई। इस बाल मेले में 1100 से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। प्रबंधक राजकुमार जायसवाल ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


