स्वर्ण व्यवसायी की संदिग्ध मौत मामले में आक्रोश, तीन घंटे रास्ता जाम
Maharajganj News - महराजगंज में स्वर्ण व्यवसायी अजय वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन और स्थानीय लोग मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। स्वर्ण व्यवसायी अजय वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में ग्रामीण आक्रोशित होकर बुधवार की सुबह अड्डा बाजार के मुख्य चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में खुलासे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। सीओ अंकुर कुमार गौतम एवं थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव द्वारा काफी समझाने बुझाने के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। करीब 3 घंटे ही तक अड्डा बाजार का मुख्य मार्ग जाम रहा । स्वर्ण व्यवसायी अजय वर्मा का शव मंगलवार की सुबह अड्डा बाजार के निकट डूडी नदी पुल के पास से बरामद हुआ था।
परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी कि अजय वर्मा के साथ कोई अनहोनी जरूर हुई है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने मंगलवार की देर शाम ही उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट हुए परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण व व्यापारियों ने बुधवार की सुबह अड्डा बाजार के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए मृतक अजय वर्मा के हत्या में संलिप्त लोगों के खुलासे की मांग करने लगे। परिजनों ने बुधवार की दोपहर तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया और वह अपनी मांग पर ही पड़े रहे। हालांकि पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों को समझने का पूरा प्रयास किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक्सीडेंट होने से लगी चोट का कारण मौत होने की बात बताई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज में भी पुलिस को कुछ इस तरह का ही मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच करवाई की बात भी कही जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


