Maharajganj News: एआई आधारित टूल्स के प्रयोग पर हुई कार्यशाला
Maharajganj News: महराजगंज में अधिकारियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एआई टूल्स के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। अधिकारियों को फेक न्यूज की पहचान, डेटा सुरक्षा, और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

Maharajganj News: महराजगंज, वरिष्ठ संवाददाता। जिले में शासकीय योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को अधिक प्रभावी, रचनात्मक व जनोन्मुखी बनाने के साथ प्रशासकीय कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की कवायद शुरू हुई है। जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित टूल्स के प्रयोग पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की जानकारी
कार्यशाला में अधिकारियों को एआई टूल्स के व्यावहारिक, सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण व डेमो दिया गया। संयुक्त राष्ट्र के साथ कार्यरत आयुष कृष्ण त्रिपाठी ने अधिकारियों को एआई एवं सोशल मीडिया के माध्यम से शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न एआई टूल्स के उपयोग, कंटेंट तैयार करने, सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक सामग्री विकसित करने तथा उपलब्ध सूचनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी।
फेक न्यूज की पहचान
फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं की पहचान और सत्यापन के विभिन्न तरीकों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही टूल्स का प्रयोग करते समय डेटा सुरक्षा, गोपनीयता, तथ्यपरकता तथा जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के महत्व को रेखांकित किया गया। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में एआई का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


