ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश महाराजगंजमहराजगंज: 11 हजार वोल्ट का जर्जर तार टूटकर गिरा, दो की मौत, चार झुलसे

महराजगंज: 11 हजार वोल्ट का जर्जर तार टूटकर गिरा, दो की मौत, चार झुलसे

महराजगंज के धानी क्षेत्र के सिकन्दराजीपुर गांव में शनिवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गांव के बरगदवा टोले में जर्जर 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से घरों में हाईटेंशन करंट उतरने से दो लोगों की मौत...

महराजगंज: 11 हजार वोल्ट का जर्जर तार टूटकर गिरा, दो की मौत, चार झुलसे
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,महराजगंज Sun, 17 May 2020 07:56 AM
ऐप पर पढ़ें

महराजगंज के धानी क्षेत्र के सिकन्दराजीपुर गांव में शनिवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गांव के बरगदवा टोले में जर्जर 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से घरों में हाईटेंशन करंट उतरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सुबह तीन लोग इलाज के बाद घर पहुच गए, जबकि एक की हालत मेडिकल कालेज में गम्भीर बनी हुई है।

बरगदवा टोले में 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर घरों में सप्लाई होने वाले केबिल पर गिर गया। इससे 40-50 घरों की आबादी वाले इस टोले के घरों में करंट उतर गया। बिजली के उपकरण जलने लगे। इसी बीच आनन-फानन में लोग स्विच बंद करने लगे और छह लोग करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली तो कटवा दी, लेकिन तब तक अभिमन्यु पासवान, परमात्मा पासवान, लचना देवी, विजय पासवान, रीना व प्रीति देवी बुरी तरह जख्मी हो चुकी थीं। सीएचसी धानी से प्राथमिक इलाज के बाद पांच घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल से चार की नाजुक हालत देख डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया, जहां परमात्मा (40) व प्रीति (30) की मौत हो गई। एक को रविवार की सुबह इलाज के बाद छुट्टी हो गई, जबकि अभिमन्यु गम्भीर हालत में मेडिकल कालेज में ही भर्ती है।

सो रहे थे लोग, अचानक मच गई अफरा-तफरी
जिस समय 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से घरों में करंट दौड़ा उस समय बहुत से लोग सो रहे थे। अचानक चीख-पुकार के बीच लोग अपने-अपने घरों में स्विच बंद करने लगे। इसी बीच अलग-अलग घरों में लोगों के करंट से झुलसने का शोर मचने लगा। अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर पाने के बाद एसडीएम फरेंदा राजेश जायसवाल, सीओ अशोक कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। विधायक बजरंग बहादुर सिंह भी रात में लोगों के बीच पहुंचे थे।

इंसुलेटर पंचर होने से हुआ हादसा
बिजली विभाग के जेई मनिन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि 11 हजार वोल्ट के तार का इंसुलेटर पंचर होने से तार कट गया था। तार टूटने से वह केबिल पर गिर गया। इससे लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करंट उतर गया। उस समय जो लोग स्विच को छुए, करंट की चपेट में आ गए।

सिकन्दराजीतपुर के बरगदवा टोले में रात को तार टूटने से लोगों के घरों में करंट उतर गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
अशोक कुमार मिश्र, सीओ-फरेंदा

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक टीम गांव पहुंची थी। राहत व बचाव कार्य कराया जा रहा है। घायलों का इलाज चल रहा है।
राजेश जायसवाल, एसडीएम-फरेंदा

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें