
माघ मेले में रील का तड़का, सोनम चाय वाली से लेकर गुटखा और दातून गर्ल का वीडियो वायरल
महाकुम्भ के बाद हो रहे पहले माघ मेला के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। चाय बेचने आई सोनम के साथ ही दातून और गुटखा गर्ल के वीडियो खूब देखे जा रहे हैं। संगम किनारे चाय का कंटेनर लेकर घूमती सोनम राज की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खूब रील बना रहे हैं।
2025 के महाकुम्भ के बाद हो रहे पहले माघ मेला के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सिलीगुड़ी से चाय बेचने आई सोनम के साथ ही दातून और गुटखा गर्ल के वीडियो खूब देखे जा रहे हैं। संगम किनारे चाय का कंटेनर लेकर घूमती सोनम राज की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खूब रील बना रहे हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोनम ने बताया कि वह अपने पति के साथ व्यापार करने के लिए माघ मेला में आई हैं। उनके पति पानी बेच रहे हैं। पिछले साल कुम्भ में परिवार के साथ यहां आई थीं। उसी समय माघ मेला में चाय का व्यापार करने की योजना बनाई थी हालांकि मेला में चाय का व्यापार करने से उनके परिवार के लोग नाराज हैं, लेकिन वो सभी को बाद में मना लेंगी।
महाकुम्भ में दातून ब्वॉय तो माघ में दातून गर्ल वायरल
महाकुम्भ में जौनपुर दातून ब्वॉय आकाश यादव लोकप्रिय हुए थे। माघ मेला में दातून गर्ल वायरल है, जो जीन्स, टी शर्ट और सन ग्लास के साथ रुद्राक्ष की माला पहन दातून बेच रही है। नीम के दातून का गट्ठर लिए खड़ी दातून गर्ल ने दावे के साथ कहा कि एक दिन में सब बिक जाएगा। दातून बेचते हुए कानपुर के एक युवा सहित कुछ और युवाओं के वीडियो भी वायरल हुए हैं। वीडियो में ये दातून से एक दिन में पांच हजार तक की कमाई का दावा कर रहे हैं।
अब माघ मेला में गुटखा गर्ल का भी जलवा
माघ मेला में गुटखा गर्ल का भी एक वीडियो सामने आया है। शादीशुदा एक महिला माघ मेला के प्रथम स्नान पर्व पर घूम-घूमकर गुटखा बेचते दिखाई पड़ी। महिला ने अपने कंधे पर गुटखा के साथ सुर्ती के पाउच का लच्छा लटका रखा था। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने जब पूछा तो महिला ने मुस्कराते हुए कहा कि एक दिन में एक हजार से 1500 रुपये कमा लेती है।
भीख मांग कर कुलदीप पागल कर रहा दान
इस साल माघ मेला में भीख मांगने वाला एक युवा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह युवक अपना नाम कुलदीप पागल बताता है। भिखारियों के कपड़े पहने कुलदीप कभी बिस्किट तो कभी कंबल बांटता हुआ सोशल मीडिया पर दिखाई पड़ रहा है। पिछले दिनों कुलदीप माला बेचने वाली एक वायरल गर्ल माही मल्लाह के साथ बिस्किट बांटते देखा गया था। कुलदीप ने बताया कि वह मऊआइमा का रहने वाला है। इससे पहले वह कानपुर में भीख मांगकर गरीबों को दान करता था। पहली बार माघ मेला में भीख मांगकर दान करने आया है।

गमछा और अंडरवियर का भी कारोबार
दातून और गुटखा के साथ अब माघ मेला में गमछा और अंडरवियर बेचने की रील भी खूब वायरल हो रही है। इससे पहले संगम किनारे इक्का-दुक्का लोग गमछा और अंडरवियर बेचते दिखाई पड़ते थे। माघ मेला में तो कई युवा गमछा और अंडर वियर बेचने के लिए पहुंचे हैं। एक गमछा औसत 50 रुपये में बेचने वाले युवा 24 घंटे संगम क्षेत्र के घाटों किनारे घूमते दिखाई पड़ रहे हैं।
मेला में अब आरओ पानी पांच रुपये लीटर
संगम क्षेत्र में आरओ वाटर बेचने वाला एक तिन पहिया वाहन पहले भी दिखाई पड़ता था। इस साल माघ मेले में एक व्यक्ति मोपेड पर आरओ वाटर बेच रहा है। कंटेनर से बोतल में पानी भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पानी बेचने वाले बताते हैं कि पांच रुपये में एक लीटर पानी दे रहे हैं। माघ मेला में स्नान करने आए श्रद्धालु पीने के लिए पानी खरीद भी रहे हैं। लोगों को जानकारी देने के लिए पानी बेचने वाले ने मोपेड पर एक माइक भी लगाया है।

प्रथम स्नान पर्व पर भी पहुंचे विदेशी
माघ मेला के प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर संगम में डुबकी लगाने के लिए विदेशी भी प्रयागराज आए हैं। स्नान पर्व पर विदेशियों के संगम क्षेत्र में घूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि महाकुम्भ की तुलना में बहुत कम विदेशी दिखाई दिए।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



