
Magh Mela 2026: 19 जनवरी की आधी रात तक लागू रहेगी ये पाबंदी, अक्षयवट दर्शन भी बंद रहेगा
प्रशासन के अनुसार, 17 जनवरी की रात 12 बजे से 19 जनवरी की रात 12 बजे तक प्रशासनिक और चिकित्सकीय वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पूरा माघ मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा। साथ ही अक्षयवट दर्शन भी बंद रहेगा।
Magh Mela 2026: माघ के तृतीय स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। मौनी अमावस्या के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रयागराज की सीमा पर शनिवार की रात 12 बजे से भारी और हल्के वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लग जाएगी। समूचे मेला क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। यह प्रतिबंध 19 जनवरी की रात 12 बजे तक जारी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, 17 जनवरी की रात 12 बजे से 19 जनवरी की रात 12 बजे तक प्रशासनिक और चिकित्सकीय वाहनों को छोड़कर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पूरा माघ मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा। साथ ही अक्षयवट दर्शन भी बंद रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों और पैदल मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर इस अवधि के बाद भी मेला क्षेत्र में भीड़ रहती है तो यह प्रतिबंध भीड़ की समाप्ति तक लागू किया जा सकता है।
मेला में पैदल प्रवेश करेंगे श्रद्धालु
प्रयागराज शहर समेत, कानपुर-लखनऊ, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर व रीवा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े होंगे। इसके अलावा, पांटून पुलों पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू रहेगा। परेड ग्राउंड से झूंसी की ओर जाने के लिए पांटून पुल संख्या 3, 5 और 7 का उपयोग होगा, जबकि झूंसी से परेड आने के लिए पांटून पुल संख्या 4 व 6 निर्धारित किए गए हैं। पांटून पुल संख्या 1 और 2 को आपात स्थिति के लिए रिजर्व रखा गया है।
उच्च अधिकारियों ने भ्रमण कर दिए निर्देश
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेते हुए मेला क्षेत्र के चारों जोन उत्तरी झूंसी, दक्षिणी झूंसी, परेड और संगम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख जगहों पर तैनात पुलिस कर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



