
11 दिन बाद शुरू होगा माघ मेला, संगम तट पर अभी से उमड़ने लगे श्रद्धालु
मेला करीब आने के साथ अब संगम के पास काम तेज हो गया है। रविवार को अवकाश का दिन था। सुबह के समय स्नान करने के लिए लोग पहुंचे, लेकिन दोपहर 12 बजे के आसपास आम शहरी संगम की ओर बढ़ने लगे और धीरे-धीरे भीड़ भी बढ़ने लगी। बहुतों ने संगम स्नान किया तो कई गंगा जल को माथे लगाकर फिर रेती पर आराम से बैठे।
Magh Mela 2026: माघ मेला 2026 तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा के साथ शुरू होगा लेकिन मेला शुरू होने के 11 दिन पहले रविवार को ही हजारों की संख्या में प्रयागराज संगम तट पहुंच गए। लोगों ने यहां पर आकर पूरे दिन फुरसत के पहल बिताए। गंगा स्नान किया और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन किए।
मेला करीब आने के साथ अब संगम के पास काम तेज हो गया है। रविवार को अवकाश का दिन था, सुबह के वक्त स्नान करने के लिए लोग पहुंचे, लेकिन दोपहर 12 बजे के आसपास आम शहरी संगम की ओर बढ़ने लगे और धीरे-धीरे भीड़ भी बढ़ने लगी। बहुतों ने संगम स्नान किया तो कई गंगा जल को माथे लगाकर फिर रेती पर आराम से बैठे।
अल्लापुर से परिवार के साथ संगम पहुंचे रमाशंकर पांडेय ने बताया कि पिछले महाकुम्भ में इतनी भीड़ रही कि मेले में आना ही संभव नहीं हो सका। इस बार भी प्रचार प्रसार खूब हो रहा है, सोचा जनवरी में आना न हो पाए तो पहले ही देख लिया जाए। हालांकि अभी तैयारी बहुत पीछे है, लेकिन दिन अच्छा है। वैसे भी रविवार को कहीं और जाने से बेहतर है कि संगम ही चला जाए। दर्शन और पूजन हो चुके हैं। अब बस घूम रहे हैं। वहीं शिवकुटी से युवक विक्रम, सुनील यहां पहुंचे थे जो विदेशी मेहमानों को दाने खिलाकर तस्वीरें खींच रहे थे, जिससे सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकें। वहीं बच्चे ऊंट की सवारी का आनंद ले रहे थे। एक चक्कर का 70 रुपये किराया था। अपर मेलाधिकारी दयानंद प्रयास का कहना है कि रविवार का दिन है। आमतौर पर रविवार को पर्यटक व श्रद्धालु अधिक आते हैं। मेला करीब होने के कारण संख्या थोड़ी और बढ़ गई थी।
दोपहर बाद जीटी जवाहर चौराहे पर जाम
भीड़ कुछ इस कदर बढ़ी की दोपहर एक बजे के बाद से ही जीटी जवाहर चौराहे पर जाम लग गया। वाहन संगम की ओर जा रहे थे। जिससे सिविल लाइंस और झूंसी की ओर से आने वाले वाहनों के कारण दबाव बढ़ गया। इसी कारण जाम के हालात बने। जो शाम तक जारी रहा। पुलिस कर्मियों ने मशक्कत कर एक-एक वाहनों को निकलवाया।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



