Hindi NewsUP NewsMagh Mela 2026 Prayagraj to be a novehicle zone from tonight check the new route plan
माघ मेला 2026: प्रयागराज में आज रात से नो-व्हीकल जोन, घर से निकलने से पहले देख लें नया रूट प्लान

माघ मेला 2026: प्रयागराज में आज रात से नो-व्हीकल जोन, घर से निकलने से पहले देख लें नया रूट प्लान

संक्षेप:

प्रयागराज में तीन जनवरी से माघ मेला शुरू हो रहा है। पहले दिन स्नानार्थियों की भारी भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने सुगम यातायात के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू किया है। वहीं मेला क्षेत्र और संगम नोज तक आवागमन के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है।

Jan 02, 2026 12:05 pm ISTPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

Magh Mela 2026: पौष पूर्णिमा के साथ तीन जनवरी से माघ मेला शुरू होगा। पहले दिन स्नानार्थियों की भारी भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने सुगम यातायात के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू किया है। वहीं मेला क्षेत्र और संगम नोज तक आवागमन के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है। पांटून पुलों पर आवागमन की एकल मार्ग की व्यवस्था है। आज यानी शुक्रवार शाम आठ बजे से मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन हो जाएगा। सिर्फ एंबुलेंस और आपातकालीन वाहन को छूट रहेगी। परेड से झूंसी की तरफ जाने के लिए श्रद्धालु पांटून पुल संख्या तीन, पांच व सात का प्रयोग करेंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

झूंसी से परेड की तरफ आने के लिए पांटून पुल संख्या चार व छह का प्रयोग करेंगे। विपरीत दिशा में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। पांटून पुल एक व दो को रिजर्व रखा गया है। संगम नोज पर वाहन पार्किंग की छूट नहीं रहेगी। श्रद्धालुओं से मेला क्षेत्र में निर्धारित मार्ग से आवागमन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ी करने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें:माघ मेला से पहले संतों का गुस्सा फूटा, सुविधा न मिलने पर चक्काजाम

परेड क्षेत्र

प्लाट नंबर 17 पार्किंग: श्रद्धालु पैदल काली मार्ग द्वारा अपर संगम मार्ग से संगम स्नान घाट, हनुमान घाट व रामघाट पर जा सकेंगे। स्नान के उपरांत अक्षयवट मार्ग खडंजा वापसी मार्ग होकर त्रिवेणी मार्ग होते हुए पार्किंग तक जा सकेंगे।

गल्ला मंडी पार्किंग: श्रद्धालु पैदल काली मार्ग से मोरी रैम्प, किलाघाट मार्ग पहुंचकर काली उत्तरी घाट, मोरी घाट, शिवाला घाट व दशश्वामेध घाट जा सकेंगे। श्रद्धालु गंगामूर्ति चौराहा से ओल्ड जीटी रोड थाना दारागंज के सामने से अथवा रिवरफ्रंट मार्ग से अपने पार्किंग स्थल पर वापस लौटेंगे।

नागवासुकि पार्किंग: श्रद्धालुगण पैदल रिवर फ्रंट मार्ग या संबंधित मार्ग द्वारा नागवासुकि स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत संबंधित मार्गों व रिवर फ्रंट मार्ग से होते हुए पार्किंग वापस लौटेंगे।

झूंसी क्षेत्र

ओल्ड जीटी कछार पार्किंग: श्रद्धालु पैदल नागवासुकि मार्ग से पांटून पुल संख्या चार व पांच पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। ओल्ड जीटी मार्ग से कछार पार्किंग पर वापसी करेंगे।

टीकरमाफी महुआबाग पार्किंग: श्रद्धालु पैदल जीटी रोड, टीकरमाफी से त्रिवेणी मार्ग होते हुए पांटून पुल संख्या दो व तीन पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। काली मार्ग से टीकरमाफी, जीटी रोड होते हुए महुआबाग पार्किंग या अन्य पार्किंग पर वापस आएंगे।

सोहम आश्रम पार्किंग: श्रद्धालु पैदल रिवर फ्रंट झूसी मार्ग होते हुए अक्षयवट मार्ग से पांटून पुल संख्या एक के दक्षिणी (ऐरावत स्नान घाट) स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत महावीर मार्ग होते हुए रिवर फ्रंट झूसी मार्ग पर पहुंचकर समुद्रकूप मार्ग अथवा रिवर फ्रंट झूसी मार्ग से सोहम आश्रम पार्किंग पहुंचेंगे।

ये भी पढ़ें:माघ मेला में श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेनें, 47 ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले

अरैल क्षेत्र

देवरख कछार पार्किंग: श्रद्धालु पैदल सोमेश्वर महादेव रैंप मार्ग से सोमेश्वर महादेव स्नान घाट पर जा सकेंगे। उसी मार्ग से देवरख कछार पार्किंग अथवा संबंधित पार्किंग में वापस जाएंगे।

गंजिया पार्किंग: श्रद्धालु पैदल अरैल घाट मार्ग से फलाहारीबाबा आश्रम के सामने से अरैल बांध रोड पहुंचकर रैंप से अरैल घाट, चक्रमाधव घाट व अन्य स्नान घाटों पर स्नान करेंगे। रैंप से होते हुए अरैल बांध रोड से सच्चाबाबा आश्रम, सूरियाबीर तिराहा से गजिया पार्किंग में पहुंचेंगे।

नवप्रयागम पार्किंग: श्रद्धालु पैदल नवप्रयागम अप्रोच मार्ग से अरैल बांध रोड पर पहुंच रैंप से अरैल घाट, चक्रमाधव घाट व अन्य स्नान घाटों पर जा सकेंगे। रैंप से संकट मोचन मार्ग पर पहुंचकर नवप्रयागम पार्किंग में वापस जाएंगे।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma
"पवन कुमार शर्मा पिछले 3 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। पवन अभी हिन्दुस्तान अख़बार की वेबसाइट Livehindustan.com में काम कर रहे हैं। इससे पहले ABP News में बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाएं और टूरिज्म पर लिखते हैं। पवन ने दिल्ली के भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले कानपुर के क्राइस्ट चर्च कॉलेज से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था।" और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |