
मदरसे के प्रबंधक ने नाबालिग छात्रा से किया रेप, पीड़िता के फोन से खुला कुकर्म
संक्षेप: पीड़िता की मां ने कहा कि बेटी शहर सीतापुर के कोतवाली दुर्गापुरवा स्थित मदरसे में कक्षा तीन की छात्रा थी। बेटी को अच्छी शिक्षा मिल जाए इसलिए उसे मदरसे में भेजा था। शनिवार को बेटी ने मदरसे के मोबाइल से अपनी सहेली के पिता को फोन कर कहा कि मदरसे में लोग ठीक नहीं है। मम्मी को जल्दी भेज दीजिए।
Minor girl student raped in Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक मदरसे के प्रबंधक ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से रेप कर दिया। रेप के बाद उसने छात्रा को धमकी दी कि शिकायत की तो जान से मार डालेगा। छात्रा ने अपनी एक सहेली के पिता को फोन कर अपनी मां को बुलाया और इसके बाद ही मदरसा प्रबंधक के कुकर्म का खुलासा हो सका। छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना, सीतापुर के शहर कोतवाली स्थित रिजविया गुलशने फातिमा मदरसा की है। आरोप है प्रबंधक ने कक्षा तीन की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। लखीमपुर निवासी पीड़िता की मां के मुताबिक उनकी 15 वर्षीय बेटी शहर सीतापुर के शहर कोतवाली स्थित एक मदरसे में कक्षा तीन की छात्रा थी। मदरसे के प्रबंधक इरफान उल कादिरी है। बेटी को अच्छी शिक्षा मिल जाए इसलिए उसे मदरसे में भेजा था।
छात्रा ने सहेली के पिता को किया फोन
शनिवार को बेटी ने मदरसे के मोबाइल से अपनी सहेली के पिता को फोन कर कहा कि मदरसे में लोग ठीक नहीं है। मम्मी को जल्दी भेज दीजिए। वह मदरसे पहुंची तब तक आरोपी प्रबंधक वहां से भाग चुका था। बेटी ने बताया कि बीते 4 नवंबर को प्रबंधक इरफान उल कादिरी ने उसे बहाने से रोक फिर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।
किसी से बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह चुप हो गई थी। चार दिन बाद किसी तरह हिम्मत दिखाकर मदरसे के मोबाइल से चुपके से फोन कर अपनी सहेली के पिता को फोन कर मां को भेजने के लिए कहा। इंस्पेक्टर शहर कोतवाल के मुताबिक मां की तहरीए पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। प्रबंधक इरफान उल कादिरी की तलाश में दबिश जी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में सबूत इक्ट्ठा करने के साथ ही आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेगी। बच्ची से रेप के आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।





