मुर्गा बनाया, ईट रखी, जमकर डंडा बरसाया, मोबाइल चोरी के शक में दी भयानक सजा
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक वीडियो सामने आया है, जहां मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को तालिबानी सजा दी गई। पुलिस अब इस खौफनाक वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए कुछ दबंगों ने एक युवक के साथ वहशीपन की सारी हदें पार कर दीं। दस्तोई रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी के पास हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को दहला दिया है। मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को घर से अगवा कर खेतों में ले जाया गया और वहां उसे ऐसी सजा दी गई जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। उसे मुर्गा बनाकर पीठ पर ईंटे रखीं गईं और डंडे बरसाए गए। इसका वीडियो भी बनाया गया। अब वीडियो वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पीड़ित को किसी बहाने से उसके घर से बुलाकर दस्तोई रोड के पास सुनसान खेतों में ले गए। वहां उस पर मोबाइल चोरी का इल्जाम मढ़ा गया। वायरल हो रहे विचलित करने वाले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दबंगों ने युवक को जबरन जमीन पर मुर्गा बनाया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने पीड़ित की पीठ पर भारी ईंटें रख दीं और फिर उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया।
करंट देने की धमकी और वीडियो रिकॉर्डिंग
वीडियो में आरोपी युवक को गालियां देते हुए और उसे बिजली का करंट देने की धमकी देते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। पीड़ित युवक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी अमानवीय घटना को आरोपियों ने खुद अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। उनका मकसद शायद इलाके में अपना खौफ पैदा करना था, लेकिन यही वीडियो अब उनके गले की फांस बन गया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपियों और पीड़ित की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून को हाथ में लेने वाले इन तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दबंगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती असहिष्णुता और 'मॉब जस्टिस' की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें


