घर बुलाकर हत्या, पेट्रोल से शव जलाया; रुपयों के विवाद में होटलकर्मी से हैवानियत

हिन्दुस्तान, संवाददाता, हसनपुर (अमरोहा)
Follow us on Google News
share

अमरोहा के हसनपुर में घर से बुलाकर होटलकर्मी मुकेश की हत्या कर शव ईख के खेत में पेट्रोल डालकर जला दिया गया। बाइक भी जला दी गई। नंबर से चार घंटे बाद पहचान हुई। पिता की तहरीर पर सुखवीर व अज्ञात पर केस दर्ज हुआ। पुलिस के मुताबिक रुपयों के लेनदेन में हत्या हुई।

 Half-burnt body of a young man found in a sugarcane field in Amroha
अमरोहा में गन्ने के खेत में मिला युवक का अधजला शव

अमरोहा के हसनपुर में घर से बुलाकर होटलकर्मी की हत्या कर शव पर पेट्रोल डालकर जला दिया गया। रविवार सुबह उसका अधजला शव ईख के खेत में मिला। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए शव के साथ उसकी बाइक में भी आग लगा दी। बाइक के नंबर से करीब चार घंटे बाद शव की पहचान हुई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सुखवीर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने रुपयों के लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया।

खेत में मिला था मुकेश का शव

कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर के लिंक मार्ग से करीब 500 मीटर दूर गांव निवासी बृजेश के गन्ने के खेत में रविवार सुबह गीता, सुरेखा और बबीता फसल के पत्ते उतारने पहुंची थीं। इसी दौरान उन्हें खेत के रास्ते पर खून दिखाई दिया। कुछ कदम आगे ईख के बीच एक युवक का लहूलुहान और अधजला शव पड़ा था। करीब दस मीटर दूर नलकूप के पास एक बाइक जली हुई मिली। महिलाओं ने ग्राम प्रधान पति रोहतास सिंह को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

चार घंटे की मशक्कत के बाद शिनाख्त हुई

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास तलाश की तो करीब सौ मीटर दूर एक मोबाइल पड़ा मिला। घटनास्थल के पास फ्रूटी शराब का खाली पैकेट और प्लास्टिक के तीन खाली गिलास भी मिले। सीओ पंकज कुमार त्यागी और अखिलेश भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद एसपी लखन सिंह यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव की पहचान कोतवाली क्षेत्र के सतेड़ा चक की मढैया निवासी 35 वर्षीय मुकेश पुत्र सुखराम खड़गवंशी के रूप में की। परिजनों ने बताया कि मुकेश हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर स्थित एक होटल में काम करता था।

घर से बुलाकर हत्या, शव को जलाया

मुकेश के पिता सुखराम ने पुलिस को बताया कि गांव निवासी सुखवीर पुत्र लीलाधर और उसका अज्ञात साथी शनिवार शाम मुकेश को घर से बुलाकर ले गए थे। रुपयों के लेनदेन को लेकर मुकेश का सुखवीर से पुराना विवाद चल रहा था। पिता ने सुखवीर और उसके साथी पर मुकेश की हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि गन्ने के खेत से अधजला शव बरामद हुआ है। शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव का चेहरा जलाए जाने की बात सामने आई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर के आधार पर रुपयों के लेनदेन के विवाद में मुकेश की हत्या के आरोप में एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsघर बुलाकर हत्या, पेट्रोल से शव जलाया; रुपयों के विवाद में होटलकर्मी से हैवानियत