मोहनलालगंज के अवधेश साहू को सीएम करेंगे सम्मानित
Lucknow News - ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ के लिए चुने गए मोहनलालगंज के आवधेश मोहनलालगंज के अवधेश साहू को सीएम करेंगे सम्मानित

राष्ट्रीय युवा दिवस पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले मोहनलालगंज के गनेशखेड़ा निवासी युवा समाजसेवी अवधेश साहू को ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को भव्य समारोह में प्रदान करेंगे। अत्यंत साधारण परिवेश में जन्मे अवधेश साहू का जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरक मिसाल है। मात्र दो वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद उनकी अनपढ़ माता ने मजदूरी कर उन्हें पढ़ाया-लिखाया। मां के त्याग और संघर्ष को ही वे अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा मानते हैं। पढ़ाई जारी रखने के लिए अवधेश को भी मजदूरी तक करनी पड़ी, लेकिन शिक्षा और समाज सेवा के संकल्प से वे कभी पीछे नहीं हटे।
अवधेश साहू ने शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण और वंचित वर्गों की मदद के लिए लगातार कार्य किया है। उनके प्रयासों से हजारों जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं अवधेश इससे पहले भी अवधेश साहू प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर चुके हैं। वर्ष 2019–20 में भारत सरकार उन्हें राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित कर चुकी है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर दिया जाने वाला “स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड” युवाओं को राष्ट्र सेवा और चरित्र निर्माण का संदेश देता है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि मां के त्याग, बेटे के संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की पूरी यात्रा का सम्मान है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



