घर से गायब युवक की संदिग्ध मौत पर ग्रामीणों का थाने पर हंगामा, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
Lucknow News - लखनऊ के एक युवक को काम का लालच देकर दूसरे राज्य ले जाया गया, जहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से गांव में आक्रोश फैल गया, परिजनों ने
इटौंजा,(लखनऊ) संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महिगंवा थाना क्षेत्र में गत दस अप्रेल को राम पुरवा निवासी युवक सौरभ को जनपद बाराबंकी के पिलहटी गांव के कुछ युवक काम दिलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ दूसरे राज्य ले गए थे। अब उस युवक की मौत की खबर आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों का गुस्सा थाने पर फूट पड़ा। सौरभ की माँ मनोरमा के अनुसार उनका बेटा पिलहटी गांव के निवासी अखिलेश और कान्हा के साथ 10 अप्रैल को घर से निकला था। बताया गया था कि चेन्नई में काम मिलेगा। लेकिन कुछ दिन बीत जाने के बाद भी जब सौरभ घर नहीं लौटा और उससे कोई संपर्क नहीं हो सका तो परिवार में चिंता और बेचैनी बढ़ने लगी।
घरवालों ने हर तरफ तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।अंततः परिजनों ने 13 अप्रैल को महिंगंवा थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच खबर आई कि केरल राज्य में एक ट्रेन हादसे में सौरभ की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि वहाँ से शव का फोटो भेजा गया, जिसे देखते ही परिजन रोने-चिल्लाने लगे और पूरे परिवार में मातम छा गया। हालाँकि पुलिस का कहना है कि औपचारिक शिनाख्त की प्रक्रिया अभी बाकी है।पुलिस जहाँ इसे ट्रेन हादसे में हुई मौत बता रही है, वहीं सौरभ की माँ मनोरमा और अन्य परिजनों का सीधा आरोप है कि जो लोग उनके बेटे को अपने साथ ले गए थे, उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया है। परिवार का कहना है कि बहाने से दूसरे राज्य ले जाकर उनके बेटे के साथ साजिश की गई। युवक की तलाश न होने और मौत की खबर से आक्रोशित होकर शनिवार की शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ और पुरुष महिंगंवा थाने पहुँचे और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने न्याय की माँग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर इटौंजा, बक्शी का तालाब और महिला थाने की पुलिस के साथ-साथ एसीपी ज्ञानेन्द्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। आगे की जाँच जारी है। परिजन इंसाफ की माँग पर अड़े हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा रख रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


