
युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर दी जान, हफ्ते भर से घर से था गायब
Lucknow News - बंथरा थाना इलाके में एक युवक का शव एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान 35 वर्षीय गोकरन के रूप में हुई है। वह मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था और 15 दिसंबर को घर से गायब हो गया था। उसकी पहचान पिता सुंदरलाल ने की। मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
बंथरा थाना इलाके में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त बंथरा के गोड़वा गांव के रहने वाले गोकरन (35) के रूप में हुई है। वह पिता सुंदरलाल, मां चंद्रावती, बड़े भाई गोकुल के साथ रहता था और मजदूरी करता था। गोकरन की शादी लगभग आठ साल पहले हुई थी, लेकिन उसका तलाक हो गया था। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था और अकसर घर से गायब हो जाता था।
गत 15 दिसंबर को वह घर से चला गया। परिवार वालों ने उसे काफी ढूंढा, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर गांव के चरवाहे जानवर चराने गए थे। गांव से करीब 500 मीटर दूर सई नदी के किनारे जंगल में उन्होंने एक चिलबिल के पेड़ से गमछे के सहारे युवक का शव लटका देखा। चरवाहों ने मामले की जानकारी गांव वालों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गोकरन के पिता सुंदर लाल ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। गोकरन लंबे समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




