
चारबाग के रेस्टरूम में रात को खाना खाकर सोए सहायक लोको पायलट सुबह नहीं उठे
Lucknow News - चारबाग स्टेशन के रनिंग रूम में एक युवा सहायक लोको पायलट दिनेश कुमार की नींद में मौत हो गई। उन्होंने अपने साथी के साथ रात का खाना खाने के बाद सोए थे। सुबह उठाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चारबाग स्टेशन की सेकेंड इंट्री पर बने रनिंग रूम (रेस्ट रूम) में सोते-सोते एक युवा सहायक लोको पायलट की मौत हो गई। वह रात को खाना खाने के बाद अपने साथी लोको पायलट के साथ एक ही कमरे में सोए थे। सुबह नहीं उठे तो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। गोण्डा निवासी सहायक लोको पायलट दिनेश कुमार (39), लोको पायलट पंकज कुमार के साथ गोण्डा से मालगाड़ी लेकर मंगलवार रात 07:30 बजे लखनऊ पहुंचे। दोनों रात 08:30 बजे चारबाग स्टेशन से सेकेंड एंट्री गेट की तरफ बने रनिंग रूम में पहुंचे।

खाना खाने के बाद 09:45 बजे दोनों यहीं 345 नंबर कमरे में सो गए। रनिंग रूम स्टाफ के अनुसार सुबह 07:30 बजे उन्हें मालगाड़ी लेकर गोण्डा जाना था, इसलिए कंट्रोलर ने पंकज को सुबह पांच बजे के आसपास फोन कर जगाया। पंकज ने दिनेश को आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर वह फ्रेश होने चले गए। लौट कर आए तो दिनेश को सोता देख उन्हें उठने के लिए हिलाया। कोई जवाब न मिलने पर किसी अनहोनी की आशंका से उन्होंने रनिंग रूम स्टाफ और अन्य लोको पायलटों को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें सुबह 06:20 बजे उत्तर रेलवे के इनडोर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत लाया घोषित कर दिया। सूचना पर गोण्डा से उनकी पत्नी, बच्चे, साला और अन्य रिश्तेदार लखनऊ पहुंचे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार के लोगों ने अधिकारियों को बताया कि दिनेश बीमार नहीं थे। न ही कोई दवा खा रहे थे। काम के दबाव की बात भी कभी नहीं कही। मिक्स वेज बनवा कर खाया था रनिंग रूम में पहुंचने के बाद दिनेश ने लोको पायलट पंकज से पनीर की सब्जी बनवाने की बात कही। पंकज ने मिलावटी पनीर आने की बात कहते हुए हरी सब्जी पर जोर दिया। उसके बाद दिनेश बाजार से हरी सब्जी लेकर आए। रनिंग रूम के स्टाफ को देकर मिक्स सब्जी बनवाई। उसके बाद दोनों रोटी-सब्जी खाकर रूम में चले गए। स्टाफ का कहना है कि रूम में जाते समय भी कहीं से ऐसा नहीं लगा कि दिनेश को कोई समस्या है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


