सीएम योगी ने देवी पाटन शक्तिपीठ में किए दर्शन, नवरात्रि मेले की तैयारियों के दिए निर्देश
Mar 12, 2026 05:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
Lucknow News - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में देवी पाटन मंदिर में पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और नवरात्रि मेले की तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने छात्रावास और गौशाला का भी जायजा लिया।
बलरामपुर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय बलरामपुर दौरे के दूसरे दिन शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा लोक मंगल की कामना की। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर आदि शक्ति मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन किए, जहां पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी एवं अन्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न कराया। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने दर्शन-पूजन के उपरांत परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की सभी तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में लाखों श्रद्धालु देवी पाटन धाम आते हैं, अतः उनकी सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित सूर्यकुंड का भी जायजा लिया और थारू जनजाति छात्रावास पहुंचकर वहां रह रहे विद्यार्थियों की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंदिर की गौशाला में गोवंशों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर गौसेवा के महत्व को रेखांकित किया।
सुबह लगभग साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री देवी पाटन धाम से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान कर गए। उनके दौरे के दृष्टिगत मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


