मुख्यमंत्री योगी से मिले गौतम अडानी, उत्तर प्रदेश के ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के विजन को दिया समर्थन

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी के बीच शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई।अडानी ने राज्य को

मुख्यमंत्री योगी से मिले गौतम अडानी, उत्तर प्रदेश के ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के विजन को दिया समर्थन

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी के बीच शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। अडानी ने राज्य को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को अपना पूरा समर्थन दिया। अडानी ने कहा कि राज्य का मौजूदा विजन न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश की आर्थिक दिशा बदल सकता है। इस मुलाकात के बाद गौतम अडानी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रस्तुत विकसित उत्तर प्रदेश का रोडमैप साझा किया। उन्होंने इसे उद्योग जगत के लिए उत्साहजनक संकेत बताया। अडानी ने लिखा कि यह दृष्टिकोण आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।

उनके इस ट्वीट ने सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा छेड़ दी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को वर्ष 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और वर्ष 2047 तक छह ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। यह लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख इंजन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अडानी ने अपने ट्वीट में कहा कि यह केवल एक आर्थिक लक्ष्य नहीं है। यह उत्तर प्रदेश की क्षमताओं और संभावनाओं का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने यह भी लिखा कि राज्य में तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर नीतियां और निवेश के अनुकूल वातावरण इसे उद्योगों के लिए आकर्षक बना रहे हैं।अडानी समूह ने उत्तर प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का भरोसा जताया है। समूह बिजली, रक्षा, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश कर रहा है। इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ साथ राज्य की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।इसी बीच अडानी गुरुवार को परिवार समेत अयोध्या भी पहुंचे। वहां उन्होंने रामलला के दर्शन और पूजन किए। अपने परिवार के साथ उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने गुरुकुल को एआई आधारित लैब विकसित करने में सहयोग देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण भारत की आस्था और विकास का प्रतीक है और यह देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।अडानी ने स्पष्ट किया कि उनका समूह उत्तर प्रदेश के इस परिवर्तनकारी सफर में एक मजबूत साझेदार के रूप में काम करेगा। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत यह पहल भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।