
हाइपरटेंशन से तनाव का असर शरीर, मन दोनों पर पड़ता
Lucknow News - लखनऊ विश्वविद्यालय में योग संकाय द्वारा आयोजित सेमिनार के दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्रों में तनाव और उच्च रक्तचाप के प्रभावों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने तनाव से मुक्ति के लिए विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियों का सुझाव दिया। अंत में उत्कृष्ट शोध पत्रों के लिए पुरस्कार भी दिए गए।
लखनऊ, संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय में योग संकाय, इंडियन योग फेडरेशन और यूपी नेचुरोपैथी एंड योग टीचर्स एंड फिजिशियन ऐसोसिएशन की ओर से आयोजित सेमिनार के दूसरे दिन चार वैज्ञानिक सत्रों का आयोजन हुआ। प्रथम सत्र में हरियाणा से आए योग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार ने उच्च रक्तचाप के कारण होने वाले तनाव के बारे में बात की। बताया कि उच्च रक्तचाप के कारण तनाव का प्रभाव शरीर और मन दोनों पर पड़ता है। इन परिस्थितियों में तनाव से मुक्ति के लिए शशांक आसन, वज्रासन, पद्मासन, गोमुखआसन और शीथलन की क्रियाएं करनी चाहिए। भोपाल से आए योग विशेषज्ञ डॉक्टर रत्नेश पांडेय ने अपने शोध पत्र के माध्यम से कहा कि तनाव गंभीर मानसिक बीमारी है।
इसके कारण मस्तिष्क की कोशिकाएं प्रभावित होती हैं। इससे बचाव के लिए चंद्रभेदी प्राणायाम, उद् गीथ प्राणायाम का प्रतिदिन 10 से 15 मिनट अभ्यास करना चाहिए और प्रातः काल खुली जगह पर गहरी श्वास प्रश्वास क्रिया का अभ्यास करना चाहिए। दिल्ली से आए योग विशेषज्ञ डॉक्टर रमेश कुमार ने कहा कि शरीरगत तनाव दूर करने के लिए आसन प्राणायाम उपयोगी है। योग विशेषज्ञ सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि तनाव के प्रबंधन में योग की ध्यानात्मक क्रियाएं उपयोगी हैं। सेमिनार के दौरान उत्कृष्ट शोध पत्रों में प्रथम पुरस्कार शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन हिमाचल प्रदेश की पारुल जिसरोटिया को प्राप्त हुआ। द्वितीय लखनऊ विश्वविद्यालय की नम्रता मिश्रा और तृतीय पुरस्कार शूलिनी विश्वविद्यालय की प्रवीण कुमारी को प्राप्त हुआ। समापन सत्र में सभी प्रतिभागियों और योग विशेषज्ञों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजक डॉक्टर अमरजीत यादव ने बताया कि अगले वर्ष 2026 में 30 नवंबर से एक दिसंबर तक महिलाओं की स्वास्थ्य समस्या के निवारण में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। अधिष्ठाता प्रोफेसर अशोक कुमार सोनकर समेत अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




