गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, चूल्हा लेकर उतरीं सड़कों पर
Lucknow News - अमेठी में महिलाओं ने गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने मिट्टी का चूल्हा लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार से दाम वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीबों की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अमेठी, संवाददाता। अमेठी में गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में महिलाओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं टेंपों पर मिट्टी का चूल्हा लेकर सड़कों पर उतर आईं। उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि गैस सिलिंडर महंगा होने के कारण आम परिवारों को फिर से पुराने तरीके से खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है और गैस सिलिंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। स्थानीय कस्बे में बढ़ती महंगाई और घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों को लेकर महिलाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया।
समाजवादी पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर महिलाओं ने कस्बे में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार से गैस सिलिंडर के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कस्बे के प्रमुख चौराहों व सड़कों पर मार्च निकाला। उनका कहना था कि घरेलू गैस सिलिंडर आम लोगों की बुनियादी जरूरत है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए इसे खरीदना मुश्किल होता जा रहा है। कई परिवारों को अब गैस सिलिंडर भरवाने से पहले कई बार सोचना पड़ रहा है।महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, खासकर उन महिलाओं पर जो घर की रसोई संभालती हैं। उनका कहना था कि गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से घर का पूरा बजट बिगड़ जाता है और परिवार को अन्य जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ती है।प्रदर्शन के बाद महिलाएं तहसील परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम आशीष सिंह को सौंपा। सपा नेत्री गुंजन सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही गैस सिलिंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लेती है तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।एसडीएम आशीष सिंह ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनका मांगपत्र संबंधित अधिकारियों और महामहिम तक पहुंचा दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में सीमा वर्मा, वकील खान, प्रतिभा यादव, मेघा, प्रिंस वर्मा सहित दर्जनों महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


