
महिला हिंसा के खिलाफ ऐपवा ने निकाला मार्च, पुलिस ने रोका
Lucknow News - मार्च में शामिल हुई कई जिलों की महिलाएं केकेसी पेट्रोल पम्प के पास पुलिस ने
महिला हिंसा के खिलाफ गुरुवार को अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की कार्यकर्ताओं ने चारबाग से विधानसभा की ओर मार्च निकाला। मार्च को पुलिस ने केकेसी तिराहे पर रोक दिया। महिलाओं ने यहीं पर सभा और प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पुलिस को सौंपा। ऐपवा के आह्वान पर सुबह महिलाओं ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर एकत्रित होकर हाथों में लाल-सफेद झंडे व महिला हिंसा के खिलाफ पोस्टर लेकर विधानसभा की ओर मार्च किया। कई जिलों से आई महिलाएं हिंसा नहीं सहेंगे, महंगाई पर रोक लगाओ, आशा, आंगनबाड़ी, रसोइयों को राज्यकर्मी घोषित करो, कार्यस्थलों पर महिला सेल की गारंटी करो जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान पुलिस ने मार्च को रोकने की कोशिश की। वहीं केकेसी तिराहे से आगे नहीं बढ़ने दिया। यहां पर मार्च, सभा में परिवर्तित हो गया। सभा में ऐपवा की प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा अधिकारी ने कहा कि एनसीआरबी के ताजा आंकड़े बताते हैं कि महिला अपराध के मामले में यूपी पहले नंबर पर है। प्रदेश के हर जिले में महिलाओं के साथ बलात्कार, हत्या, अपहरण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं मिल रहा है। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बता रही हैं कि यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सभा को ऐपवा की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा, भाकपा माले के राज्य सचिव सुधाकर यादव, ऐपवा उपाध्यक्ष आरती राय, रेखा पासवान, गीता पांडे, माला, कमला गौतम, कबूतरा देवी, जीरा भारती, नाइश हसन, श्रीराम चौधरी, विजय विद्रोही, ठाकुर प्रसाद, सचिव सुनील मौर्य, शशांक समेत अन्य ने भी संबोधित किया।


लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


