ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊनिकायों में जीत से ठीक हो जाएगी विकास की दिशा:बंसल 

निकायों में जीत से ठीक हो जाएगी विकास की दिशा:बंसल 

उत्तर प्रदेश में घोषित नगर निकाय चुनावों के बीच भाजपा संगठन को संजीवनी देने पहुंचे प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि प्रदेश बढ़ेगा तो ही देश बढ़ेगा। उन्होंने कहा...

निकायों में जीत से ठीक हो जाएगी विकास की दिशा:बंसल 
हिन्दुस्तान संवाद ,अयोध्या (फैजाबाद)।Sun, 12 Nov 2017 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में घोषित नगर निकाय चुनावों के बीच भाजपा संगठन को संजीवनी देने पहुंचे प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि प्रदेश बढ़ेगा तो ही देश बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है और स्थानीय निकायों में भी भाजपा समर्थित बोर्डों का गठन हो गया तो प्रदेश में विकास की दिशा ठीक हो जाएगी। 
नि:शुल्क गुरुकुल महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनमानस में ऐसा विश्वास पैदा करना होगा कि भाजपा के ही विजय से अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान पुनर्स्थापित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या का जिस प्रकार से विकास होना चाहिए था, आजादी के बाद से नहीं हो सका लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक की प्राथमिकताओं में अयोध्या का विकास शामिल हो गया है। ऐसी स्थिति में अयोध्या का सांस्कृतिक गौरव फिर से लौटेगा। 
श्री बंसल ने कहा कि अयोध्या में आयोजित दिव्य दीपावली को पूरी दुनिया ने देखा ही नहीं बल्कि सराहा। उन्होंने कहा कि रेलवे से लेकर एयरपोर्ट तक संगठन के एजेण्डे में शामिल है जिससे अयोध्या पर्यटन के मानचित्र पर उभर सके। उन्होंने कहा कि इसीलिए समाज को प्रभावित करने वाले प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों के माध्यम से सभी मतदाताओं को अधिकतम मतदान के लिए प्ररित करें। 
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 653 निकायों में करीब आठ हजार वार्डों में भाजपा के प्रतिनिधि चुनाव मैदान में है और अधिकतम वार्डों में भाजपा विजय की ओर बढ़ रही है। श्री बंसल के अनुसार हम निकाय चुनाव अभियान का श्रीगणेश अयोध्या से करने जा रहे हैं। 14 नवम्बर को यहां मुख्यमंत्री की सभा होगी। आने वाले समय में अयोध्या के बदलते स्वरुप को यहां की जनता देखने वाली है। इससे पहले फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह ने प्रदेश महामंत्री संगठन श्री बंसल का स्वागत करते हुए केन्द्र सरकार की ओर से दी गई सौगातों का जिक्र किया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें