बारिश से गिरा तापमान, कल कोहरे की चेतावनी
Lucknow News - पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन तेज...

देश के उत्तरी राज्य पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में हैं। इसी क्रम में सोमवार की देर रात से लखनऊ समेत प्रदेश के अधिसंख्य जिलों में रुक रुक कर बारिश हो रही है। इस वजह से दिन के तापमान में बड़ी गिरावट आई है। लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सोमवार को 23.7 था। मौसम विभाग के अनुसार अनुमानित सामान्य से यह 2.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान हवा में नमी बढ़ने से 5.7 डिग्री ज्यादा 13.5 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार की रात तक मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। इसके बाद मैदानी इलाकों में कोहरा छाने का पूर्वानुमान है। लखनऊ के लिए अमौसी स्थित मौसम केन्द्र से घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा में बारिश की वजह से नमी काफी है। धूप के साथ प्रतिक्रिया करते हुए यह नमी वाष्प में परिवर्तित होगी। इससे मध्यम से लेकर घना कोहरा तक हो सकता है। लखनऊ के अलावा तराई समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में काफी घना कोहरा छा सकता है। 25 और 26 बारिश नहीं होगी, दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
गिरेगा तापमान, बढ़ेगी सर्दी
तापमान में गिरावट शुरू हो गई है जो आगे जारी रहेगी। बारिश के बाद अगले दो दिन तेज पछुआ हवा चलने से लखनऊ समेत अन्य मैदानी इलाकों में गलन बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के निदेशक आरएम रानाल्कर के अनुसार इसके बाद 27 और 28 को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी हो जाएगा। इसके बाद मध्य यूपी के लखनऊ, कानपुर, दक्षिण यूपी के प्रयागराज, सोनभद्र, चित्रकूट और बुंदेलखंड मिलाकर कुल 46 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इसके बाद फिर कोहरा छाएगा।
अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान
तारीख न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान मौसम की स्थिति
25 12.0 डिग्री सेल्सियस 21.0 डिग्री सेल्सियस सुबह सामान्य से बेहद घना कोहरा हो सकता है
26 11.0 डिग्री सेल्सियस 23.0 डिग्री सेल्सियस सुबह सामान्य से बेहद घना कोहरा हो सकता है
27 12.0 डिग्री सेल्सियस 23.0 डिग्री सेल्सियस बादल छाएंगे, दो से तीन बार तेज हवा संग बारिश
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।