Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsWestern Disturbance Causes Humidity in UP Temperature Changes Expected
पुरवा हवा ने रात का पारा 6.3 डिग्री उछाला, आज से गिरेगा तापमान

पुरवा हवा ने रात का पारा 6.3 डिग्री उछाला, आज से गिरेगा तापमान

संक्षेप: Lucknow News - यूपी में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है, जिससे तापमान सामान्य से अधिक हो गया है। दिन में उमस और रात में गर्मी महसूस हो रही है। अगले 48 घंटों में रात के तापमान में गिरावट की उम्मीद है। मौसम...

Fri, 24 Oct 2025 02:45 AMNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

यूपी से गुजरे कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ने बारिश की फुहार तो बरसाई नहीं। इसके असर से चार-पांच दिनों से पुरवा जरूर चलने लगी। नतीजतन दिन में हल्की उमस और गर्मी महसूस हो रही है। रात में भी तापमान अगस्त-सितम्बर जैसा महसूस हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 23.5 दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार को यह सामान्य से 1.7 अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा में नमी बढ़ी।

साथ ही इससे पछुआ कमजोर पड़ गई। जहां दिवाली से तीन चार दिन पहले तक रात में दो पहिया पर निकलने वालों को विन्टर स्वेटर की जरूरत पड़ रही थी वहीं, गर्मी महसूस हो रही है। बहुत से घरों में इस मौसम में भी दिन रात एसी की जरूरत पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। ऐसे में पहाड़ों से होकर आ रही पछुआ से रात के तापमान में गिरावट शुरू होगी। अगले 48 घंटों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दिख सकती है, हालांकि दिन के तापमान में जयादा बदलाव फिलहाल नहीं आएगा।

माह के अंत तक फिर बदलेगा मौसम

अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं। मध्य क्षोभमण्डल तक विस्तृत चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शुक्रवार तक बंगाल की खाड़ी पर लो प्रेशर बनने की संभावना है। यह पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए ताकतवर होता जाएगा। फिर 29 अक्टूबर को वाराणसी समेत प्रदेश के दक्षिणी पूर्वी हिस्सों में बारिश करा सकता है। इसका प्रभाव पूर्वी यूपी के अन्य इलाकों में भी दिख सकता है।