
SIR में गलती से कट गया नाम, अब लिस्ट में वापस नाम जुड़वाने में छूट रहे पसीनें, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
Lucknow News - मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर लोगों की आपत्तियां और नाम जुड़ने में लग रहे तीन-तीन महीने के समय को लेकर शिकायते का सिलसिला जोरों पर है। जिलों से लोग मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर लोगों की आपत्तियां और नाम जुड़ने में लग रहे तीन-तीन महीने के समय को लेकर शिकायते का सिलसिला जोरों पर है। जिलों से लोग मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। जिलों को तुरंत निस्तारण के निर्देश भेजे जा रहे हैं।
गोरखपुर सहजनवां के अमित मिश्रा ने शिकायत की है कि बीएलओ ने 20 नवंबर 2025 को सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया था। सभी दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात ठीक है। अब निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के पास फॉर्म पड़ा हुआ है। ऐसे ही अलीगढ़ के रवि कुमार ने अपने परिवार की शीला देवी का नाम जुड़वाने के लिए 26 अक्तूबर 2025 को फॉर्म भरा और अभी तक उनका नाम नहीं जुड़ पाया है। ऐसी ही शिकायत कानपुर के सीसामऊ के किशन कुमार की है। उन्होंने एक्स पर दस्तावेज अपलोड करते हुए लिखा है कि पुष्पा, किशन कुमार व वैशाली का नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-8 बीते 28 नवंबर 2025 को भरवाया गया। मगर अभी तक कोई परिणाम सामने नहीं आया।
ऐसी ही शिकायत मऊरानीपुर के मानवेन्द्र पटेल ने की है कि उन्होंने अपने परिवार के सुखपाल व कुसमा देवी का फॉर्म-8 एक जगह से दूसरे जगह स्थानांतरित कराने को भरा था लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। फिलहाल एक्स पर सीईओ कार्यालय की ओर से सभी जिलों के डीएम को तत्काल इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरी ओर सभी मतदाताओं से अपील की है कि वह ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ का उपयोग ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम देखने, नाम जुड़वाने और अन्य समस्याओं के निदान के लिए करें। पोर्टल voters.eci.gov.in या ecinet पर जाकर अपना मोबाइल नंबर डालें और ओटीपी प्राप्त करें। फिर लॉग इन करके ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ के विकल्प पर जाएं। अपना इपिक नंबर भरें और रिक्वेस्ट कॉल बैक पर क्लिक करें। बीएलओ 48 घंटें के भीतर खुद मतदाता को फोन कर उसकी समस्या का समाधान कराएगा।
बिजनौर में पत्नी-पति से बड़ी, मां की भी कम आयु बिजनौर के सौरभ राठी ने एक्स पर मतदाता सूची की कॉपी लगाता हुए लिखा है कि क्रमांक संख्या 488 पर गजेन्द्र की आयु 47 साल लिखी है, वहीं क्रमांक 484 पर पत्नी ज्ञानमती की आयु 54 साल लिखी हुई है और क्रमांक संख्या 483 पर मां सुदेशना की आयु 66 साल ही लिखी है। जो कि पूरी तरह गलत है। आजमगढ़ की सगढ़ी विधानसभा की रहने वाली नफीशा खान ने शिकायत की है कि उनकी मां का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में था लेकिन अब ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




