
लखनऊ समेत यूपी के नौ एयरपोर्ट पर विजिटर पास की रोक बढ़ी
संक्षेप: Lucknow News - उत्तर प्रदेश के 9 एयरपोर्ट्स पर विजिटर पास पर रोक बढ़ा दी गई है। यह रोक बीसीएएस के निर्देशों के तहत सुरक्षा कारणों से अगले निर्देशों तक लागू रहेगी। चेकिंग प्रक्रिया को सख्त किया गया है और स्थानीय पुलिस भी एयरपोर्ट के आसपास की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। सभी एयरपोर्ट्स पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
लखनऊ, कानपुर, अयोध्या समेत सूबे के 9 एयरपोर्ट पर विजिटर पास पर रोक बढ़ गई है। रोक फिलहाल अगले निर्देशों तक के लिए बढ़ाई गई है। विजिटर पास या एंट्री टिकट के माध्यम से यात्री के परिवारीजन-रिश्तेदार टर्मिनल के भीतर एक निश्चित दूरी तक जाते हैं। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) ने दिल्ली में धमाके के बाद रोक लगाई थी। इसे अब और आगे विस्तार देते हुए सुरक्षा जांच और सख्त कर दी गई है। बीसीएएस ने निर्देश दिए हैं कि चेकिंग में उनके अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे प्रोटोकॉल का पूरा पालन कराएंगे। यह निर्देश लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, हिंडन, आगरा और बरेली एयरपोर्ट के लिए है।

बीसीएएस के निर्देशों में एयरपोर्ट परिसर के भीतर और बाहर निगरानी (सर्विलांस) बढ़ाने के लिए कहा गया है। विमान में बैठने से पहले सेकंडरी लैडर प्वाइंट जांच (एसएलपीसी) अनिवार्य हो गई है जो पहले रैंडम आधार पर हो रही थी। प्रस्थान और प्रवेश गेट पर यात्रियों की औचक जांच, परिसर में प्रवेश करने से पहले यात्रियों और कर्मचारियों की आईडी की एयरपोर्ट सुरक्षा समूह जांच, यात्रियों के बैगेज की जांच प्रवेश से पहले करने के भी निर्देश शामिल हैं। स्थानीय पुलिस अपने स्तर से करेगी जांच निर्देशों में कहा गया है कि संबंधित जिले में एयरपोर्ट के आसपास स्थानीय पुलिस अपने स्तर से जांच करेगी। साथ ही एयरपोर्ट आने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जाएगी। सीसी कैमरे यदि खराब हों तो तत्काल उनको सही कराने के निर्देश दिए गए हैं। पास से एंट्री पर ढिलाई नहीं एयरलाइंस या एयरपोर्ट संचालक के किसी कर्मचारी के पास की वैधता समाप्त हो गई तो उसे किसी तरह की सहूलियत नहीं मिलेगी। पास का नवीनीकरण करवाना होगा, भले ही अवधि कुछ घंटों की हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




