
शिक्षण संस्थानों में ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन कराए जाने को लेकर वीएचपी का प्रदर्शन
Lucknow News - लखनऊ में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने शिक्षण संस्थानों में ड्रेस कोड के पालन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं बुर्के में मुंह ढककर आ रही हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों के साथ माध्यमिक शिक्षा निदेशालय तक मार्च निकाला।
लखनऊ, संवाददाता। शिक्षण संस्थानों में ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन कराए जाने की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) व बजरंग दल अवध प्रांत के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हजरतगंज स्थित पटेल प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। वहीं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय (शिविर कार्यालय)तक मार्च निकाला और घेराव कर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। लखनऊ पश्चिम जिले के अध्यक्ष सुभाष शर्मा और संगठन मंत्री समरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक ड्रेस कोड के प्रति अनुशासनहीनता देखने को मिल रही है। विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों (सरकारी व गैर सरकारी) में अनेको छात्राएं बुर्के में मुंह ढककर आ रही हैं।
जिससे उनकी पहचान करना असंभव हो जाता है। ये पूर्ण रूप से अनुचित है। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में इस प्रकार मुंह ढक कर के बैठना बंद होना चाहिए। इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। जिला संगठन मंत्री समरेन्द्र ने कहा कि जिन कोचिंग संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन नहीं है उन्हें बंद किया जाए। कोचिंग संस्थाओं में मानकों की जांच करायी जाए और बेसमेंट में चल रही कोचिंग संस्थाओं या लाइब्रेरी को बंद कराया जाए। विश्वविद्यालयों के छात्रावासों मे बाहरी आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगे। प्रदर्शन और मार्च में गणेश शंकर पवार, तरनजीत सिंह, अंकुर सूरी समेत दुर्गा वाहिनी व मातृशक्ति की कार्यकर्ता समेत अन्य लोग शामिल हुए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




