ओडीओपी योजना से 3.16 लाख लोगों को मिला रोजगार
Lucknow News - - सीएम दुर्घटना बीमा योजना में पांच लाख तक की सुरक्षा लखनऊ, विशेष

लखनऊ, विशेष संवाददाता राज्य सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना में वर्ष 2018 से अब तक 3.16 लाख लोगों को रोजगार दिया है। अब तक 1,31,000 कारीगरों को मुफ्त प्रशिक्षण एवं टूल किट दी गई है। कारीगरों को मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की सुरक्षा भी दी जा रही है। एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को विधानसभा में सपा सदस्यों के प्रश्नों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पारंपरिक कारीगरों और उत्पादकों को नई पहचान दी है। सहारनपुर में 2275 कारीगरों को उन्नत टूल किट उपलब्ध कराई गई और 454 हस्तशिल्पियों को 16.26 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी वितरित की गई।
वर्ष 2017-18 में प्रदेश का निर्यात 86 हजार करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 1.84 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें लगभग 50 प्रतिशत योगदान ओडीओपी एवं हस्तशिल्प उत्पादों का है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में 145 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जिसमें से 135 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी वितरित की जा चुकी है। चालू वित्तीय वर्ष में इसे बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही प्रदेश के 79 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रांडिंग को मजबूती मिली है। ओडीओपी केवल आर्थिक योजना नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक पुनर्जागरण का अभियान है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से कारीगरों को स्वास्थ्य सुरक्षा और शिक्षा सुविधाओं से भी जोड़ा गया है। इसके साथ ही ‘वनडिस्ट्रिक्ट वन व्यंजन’ जैसी नई पहल स्थानीय पहचान को और व्यापक मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




