Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsUttar Pradesh Police Recruitment Age Relaxation Yogi Government Grants 3-Year Extension for Aspirants
पुलिस भर्ती में सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को उम्र में तीन साल की छूट

पुलिस भर्ती में सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को उम्र में तीन साल की छूट

संक्षेप:

Lucknow News - -अब सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 25 और अन्य वर्ग की 30

Jan 05, 2026 07:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

लखनऊ,विशेष संवाददाता उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती के लिए तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को योगी सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस भर्ती में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट दे दी गई है। इस संबंध में सोमवार को शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। बीते दिनों कुछ विधायकों व राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट देने की मांग की थी। 32679 पदों के लिए लाखों अभ्यर्थियों को होगा फायदा कुछ दिन पहले ही निकली 32679 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस लिहाज से यह आदेश अभ्यर्थियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। शासनादेश के मुताबिक आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन हेतु महिला आरक्षी, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) तथा जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) पदों पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में तीन साल की यह छूट सिर्फ एक बार ही दी जाएगी। सरकार ने यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया है। यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति में पांच जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया है। इसमें उन लाखों अभ्यर्थियों को फायदा मिलेगा जो आयु सीमा की वजह से इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे थे। अभी तक सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष थी। अब ये आयु सीमा क्रमश: 25 और 30 वर्ष हो जाएगी। युवाओं के हित में काम रही योगी सरकार योगी सरकार ने इस निर्णय से संदेश दिया है कि प्रदेश सरकार युवाओं की वास्तविक समस्याओं को समझती है और समाधान के लिए ठोस फैसले लेने से पीछे नहीं हटती। पुलिस भर्ती में आयु सीमा शिथिलीकरण का यह निर्णय न केवल लाखों युवाओं की उम्मीदों को नया बल देगा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि योगी आदित्यनाथ सरकार में युवाओं का भविष्य नीति निर्धारण के केंद्र में है। इन पदों पर होनी है भर्तियां सिपाही नागरिक पुलिस - 10,469 सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस - 15,131 सिपाही विशेष सुरक्षा बल - 1341 सिपाही घुड़सवार पुलिस - 71 जेल वार्डर (पुरुष) - 3279 जेल वार्डर (महिला) - 106