विद्यार्थियों की अनुपस्थिति रोकने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करें- पार्थसारथी
लखनऊ में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने छात्रों की अनुपस्थिति रोकने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम के प्रभावी कार्यान्वयन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूल चलो अभियान को प्राथमिकता देते हुए सभी जिलों में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई उपायों की समीक्षा की गई।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने छात्र-छात्राओं की अनुपस्थिति रोकने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। श्री शर्मा सोमवार को प्रदेश भर के मुख्य विकास अधिकारियों, डीआईओएस एवं बीएसए के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में वर्तमान शैक्षिक सत्र एक अप्रैल 2026 से प्रारम्भ होने के परिप्रेक्ष्य में शासन द्वारा निर्धारित एजेण्डे के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण की विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान श्री शर्मा ने स्कूल चलो अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए अकादमिक कैलेंडर के अनुसार नियमित पठन-पाठन, समयबद्ध परीक्षाएं, होलिस्टिक प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार कर अभिभावकों के साथ साझा करना अनिवार्य किया जाए।बैठक में स्कूल चलो अभियान के तहत कक्षावार नामांकन प्रगति, पाठ्य पुस्तकों के वितरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं प्री-प्राइमरी में मानव संसाधन की उपलब्धता, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्य, निपुण विद्यालय एवं पीएम श्री विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, टैबलेट एवं डिजिटल लाइब्रेरी के उपयोग को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने समग्र शिक्षा एवं पीएम श्री योजना में व्यय की प्रगति को समय से पोर्टल पर अपलोड करने, आरटीई के तहत बच्चों के प्रवेश, राजकीय विद्यालयों के निर्माण, बालिका छात्रावास संचालन और व्यावसायिक शिक्षा के लिए प्रयोगशालाओं की स्थापना की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


