
संजय प्रसाद समेत आठ आईएएस अफसर बने अपर मुख्य सचिव
Lucknow News - - केंद्र में तैनात तीन आईएएस को प्रोफार्मा पदोन्नति - वर्ष 1995 बैच के हैं
लखनऊ, विशेष संवाददाता राज्य सरकार ने वर्ष 1995 बैच के आईएएस व मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद समेत आठ अफसरों को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नति दी है। यूपी में तैनात पांच आईएएस को मिली पदोन्नति प्रभावी हो गई है और केंद्र में तैनात तीन को प्रोफार्मा दी गई है। उनके यूपी आने की तिथि से यह पदोन्नति प्रभावी मानी जाएगी। यूपी में इसके पहले वर्ष 1994 बैच के तीन आईएएस अफसरों को अपर प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति दी गई थी। रिक्तियों के आधार पर अब वर्ष 1995 बैच के अफसरों को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नति दी गई है।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके मुताबिक मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष आशीष कुमार गोयल, प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति व धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात, सदस्य राजस्व परिषद आर. रमेश कुमार, प्रमुख सचिव पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मुकेश कुमार मेश्राम को तत्काल प्रभाव से पदोन्नति देते हुए अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। केंद्र में तैनात भुवनेश कुमार, मृत्युंजय कुमार नारायण और संतोष कुमार यादव को यूपी में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति पाने वाले अफसरों को 2,25000 सातवें वेतन आयोग के मुताबिक पे-मैट्रिक्स लेवल-17 दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




