
प्रदेश के 14 अस्पताल आधुनिक उपकरणों से होंगे लैस: ब्रजेश
Lucknow News - -डिप्टी सीएम ने दी 9.80 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति
लखनऊ, विशेष संवाददाता। यूपी के 14 अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा। इसके लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लगभग 9.80 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृत प्रदान की है। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। डिप्टी सीएम ने कहा है कि प्रदेश सरकार मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने वालों पर शिकंजा कस रही है। लगातार ड्यूटी से गायब डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए संसाधन भी बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीकेटी स्थित साढ़ामऊ के रामसागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय के लिए 2.70 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस बजट से उपकरण खरीदे जाएंगे। बलरामपुर जिला महिला चिकित्सालय में 1.52 करोड़ रुपये से उपकरण खरीद होगी। रायबरेली जिला चिकित्सालय में 1.56 करोड़ रुपये, महाराजगंज जिला संयुक्त चिकित्सालय में 1.16 करोड़, कानपुर नगर के एएचएम डफरिन चिकित्सालय में 16.47 लाख रुपये, बागपत जिला संयुक्त चिकित्सालय को 28.55 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी गई है। गोरखपुर के 100 शैय्या क्षय रोग सह सामान्य चिकित्सालय में 51.59 लाख रुपये, जिला चिकित्सालय में 78.45 लाख रुपये की अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। हमीरपुर के दीवान शत्रुघ्न सिंह संयुक्त चिकित्सालय में 3.35 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। बस्ती हरैया के 100 शैय्या महिला चिकित्सालय में 8.68 लाख रुपये की मशीनें लगेंगी। इटावा के डॉ. भीमराम आंबेडकर संयुक्त जिला चिकित्सालय में 38.96 लाख, वाराणसी में मानसिक चिकित्सालय में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि से चिकित्सालय परिसर को अलग किया जाएगा। इससे चहरदीवार का निर्माण होगा। इसके लिए 1.27 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




